Lucknow City

स्कूल की किताबें कबाड़ी को बेचने का मामला : एबीएसए की जांच में सच आया सामने, ग्रामीणों का प्रदर्शन

लखनऊ के नगराम इलाके के नेवाजखेड़ा प्राथमिक विद्यालय का वाकया, किताबें ले जाने वाले कबाड़ी ने लिया दो शिक्षकों का नाम, उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी रिपोर्ट, उसके आधार पर होगी कार्रवाई

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 31 दिसंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के नगराम क्षेत्र के नेवाजखेड़ा प्राथमिक विद्यालय से नई और पुरानी किताबों को कबाड़ी को बेचने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। उधर ग्रामीणों का गुस्सा उबाल पर है। पूरा मामला तब सामने आया जब मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ।

वीडियो में एक कबाड़ी को विद्यालय परिसर से लगभग दो कुंतल पुस्तकें ले जाते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो ने तहलका मचा दिया। इसके बाद बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) मोहनलालगंज सुशील कन्नौजिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2025-12-31 at 6.25.49 PM

जांच के दौरान कबाड़ी से पूछताछ की गई। उसने स्वीकार किया कि विद्यालय के दो शिक्षकों ने ही उसे किताबें बेचने को दी थीं। कबाड़ी ने यह भी बताया कि उसे किताबें 11 रुपये किलो के भाव पर बेची गईं। करीब दो कुंतल किताबें बेची गईं थीं। एबीएसए ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर जांच पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्देश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

उधर, वीडियो वायरल होने के बाद से गांव के लोग आक्रोशित हैं। बुधवार को भी ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्यालय परिसर पहुंचे और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग है कि दोषी शिक्षकों को निलंबित करने के साथ एफआईआर दर्ज की जाए। उनका आरोप है कि यह कृत्य बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के साथ सरकारी संपत्ति की खुलेआम चोरी है।

एबीएसए सुशील कन्नौजिया ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि विभाग इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। हालांकि उनका कहना है कि कार्रवाई में देरी हुई तो विरोध और तेज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें  PM मोदी आज दो दिवसीय दौरा पर गुजरात पहुंचे, वंदे भारत ट्रेन सहित 82,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button