Lucknow CityUttar Pradesh

चाइनीज मांझे से दूर रहो, मोबाइल की लत छोड़ो… योगी की पाती में बच्चों को सुरक्षा, पढ़ाई और जीवन का मंत्र

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के बच्चों और विद्यार्थियों के लिए लिखा एक भावुक और प्रेरक पत्र, नकारात्मक विचारों से दूर रहने और अपने प्रयास पर भरोसा रखने की नसीहत

लखनऊ, 9 फरवरी 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के नाम से प्रदेश के बच्चों और विद्यार्थियों के लिए एक भावुक और प्रेरक पत्र लिखा है। इस संदेश में उन्होंने सुरक्षा, पढ़ाई और जीवन मूल्यों को लेकर तीन अहम मंत्र दिए हैं, जो आज के बच्चों के लिए बेहद प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बच्चों को पतंग उड़ाने के शौक से जोड़ते हुए सुरक्षा का संदेश दिया।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चाइनीज मांझा जानलेवा है और इसका इस्तेमाल कानूनन अपराध है। प्रदेशभर में इसकी बिक्री, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। चाइनीज मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं और जनहानि को देखते हुए सरकार अभियान चला रही है। योगी ने बच्चों से अपील की कि वे न केवल खुद इससे दूर रहें, बल्कि दोस्तों को भी जागरूक करें। अगर कहीं इसकी बिक्री होती दिखे तो परिजनों की मदद से पुलिस को सूचना दें।

दूसरे बिंदु में मुख्यमंत्री ने बच्चों को मोबाइल की लत से सावधान किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल अनजाने में कीमती समय चुरा लेता है, आंखों पर असर डालता है और पढ़ाई में बाधा बनता है। बच्चों को किताबों से दोस्ती करने, खेलकूद में हिस्सा लेने और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह दी गई। मोबाइल का सीमित और समझदारी से उपयोग करने पर जोर दिया गया।

तीसरे संदेश में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को आत्मविश्वास बनाए रखने का मंत्र दिया गया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परीक्षा कक्ष में घबराए बिना प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें और सहजता से उत्तर लिखें। नकारात्मक विचारों से दूर रहें और अपने प्रयास पर भरोसा रखें।

उन्होंने गीता का श्लोक ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ उद्धृत करते हुए बच्चों को कर्म पर ध्यान केंद्रित करने की सीख दी। योगी की पाती बच्चों के लिए केवल संदेश नहीं, बल्कि सुरक्षा, अनुशासन और सकारात्मक सोच का मार्गदर्शन है, जो उन्हें बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button