Business

बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार… सेंसेक्स 550 अंक चढ़ा, निफ्टी 24600 के पार

पिछले सत्र की गिरावट के बाद बाजार में लौटी तेजी, शुरुआती कारोबार में रुपया भी डॉलर के मुकाबले मजबूत

बिजनेस डेस्क, 5 मार्च 2026:

घरेलू शेयर बाजार ने गुरुवार को बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती सत्र में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों सूचकांकों में तेजी देखी गई। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच निवेशकों का रुझान खरीदारी की ओर रहा।

बता दें इससे पहले बुधवार को बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी। बीएसई सेंसेक्स 1,122.66 अंक गिरकर 79,116.19 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 385.20 अंक की गिरावट के साथ 24,480.50 के स्तर पर बंद हुआ था।

वहीं गुरुवार को कारोबार के शुरुआती दौर में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 550.27 अंक बढ़कर 79,666.46 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 171.45 अंक की बढ़त के साथ 24,651.95 पर कारोबार करता नजर आया। शुरुआती कारोबार में रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ। रुपया 48 पैसे की बढ़त के साथ 91.57 प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। इससे पहले रुपया अपने निचले स्तर तक पहुंच गया था।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में अदानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में अच्छी बढ़त देखी गई। वहीं एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स के शेयरों में हल्की कमजोरी रही। एशियाई बाजारों में भी तेजी का रुख रहा।

दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक करीब 10 प्रतिशत की बढ़त के साथ ऊपर कारोबार कर रहा था। इसके अलावा जापान का निक्केई 225, चीन का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक भी मजबूती के साथ कारोबार करते दिखे। अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 2.86 प्रतिशत बढ़कर 83.73 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक संकेतों और निवेशकों की गतिविधियों का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 8,752.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 12,068.17 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button