स्पोर्ट्स डेस्क, 25 जनवरी 2026:
टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चल रहा बांग्लादेश विवाद अब खत्म हो गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है और उसकी जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप C में शामिल कर लिया है। इसके साथ ही आईसीसी ने T20 विश्व कप 2026 का अपडेटेड शेड्यूल भी जारी कर दिया।
आईसीसी के मुताबिक स्कॉटलैंड की टीम तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में कुल चार ग्रुप मैच खेलेगी। बता दें कि टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इस बार टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर करेंगे।
भारत इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगा। टीम इंडिया ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। यह टी20 विश्व कप का 10वां संस्करण होगा।

बांग्लादेश विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से रिलीज कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भारत में सुरक्षा का हवाला देते हुए यह मांग रख दी कि उनके टी20 विश्व कप के मैच भारत में न कराए जाएं।
बीसीबी ने आईसीसी के सामने यह विकल्प भी रखा कि बांग्लादेश को ग्रुप C से हटाकर ग्रुप B में शिफ्ट किया जाए, क्योंकि ग्रुप B के मुकाबले श्रीलंका में होने हैं। साथ ही उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि आयरलैंड को ग्रुप C में भेज दिया जाए।
आईसीसी ने बैठक के बाद खारिज की मांग
आईसीसी के अधिकारियों ने इस मामले पर बीसीबी के साथ बैठक की थी। इसके बाद 21 जनवरी को आईसीसी बोर्ड की बैठक हुई, जहां बांग्लादेश की मांग को बहुमत के आधार पर खारिज कर दिया गया। आईसीसी ने साफ कर दिया था कि बांग्लादेश को तय शेड्यूल के अनुसार भारत में खेलना होगा। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई कि अगर टीम खेलने से इनकार करती है, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा।
22 जनवरी को बांग्लादेश ने फिर भारत में खेलने से इनकार कर दिया। इसके बाद 24 जनवरी को आईसीसी ने आधिकारिक रूप से बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाने का फैसला लिया और स्कॉटलैंड को ग्रुप C में शामिल कर दिया।
आईसीसी ने कहा शेड्यूल बदलना मुमकिन नहीं
आईसीसी ने बीसीबी के उस अनुरोध को भी नामंजूर कर दिया, जिसमें भारत में होने वाले मैचों को श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की गई थी।
आईसीसी ने कहा कि भारत में बांग्लादेश टीम के लिए किसी भी तरह का विश्वसनीय या सत्यापित सुरक्षा खतरा सामने नहीं आया है। आईसीसी के बयान के मुताबिक टूर्नामेंट शुरू होने में बहुत कम समय बचा है, ऐसे में शेड्यूल बदलना या मैचों की जगह बदलना संभव नहीं है। फिलहाल आईसीसी के फैसले के बाद अब स्कॉटलैंड की टीम ग्रुप C का हिस्सा होगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक स्कॉटलैंड भारत में चार ग्रुप मैच खेलेगी। आईसीसी ने अपडेटेड शेड्यूल भी जारी कर दिया है।






