Sports

भारत के खिलाफ बॉयकॉट से पाकिस्तान की बढ़ सकती है मुश्किलें, जानिए क्या पड़ सकता है असर

पाकिस्तान ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया, जिससे टीम को ग्रुप स्टेज से बाहर होने, ICC से बैन और भविष्य की मेजबानी खोने जैसे गंभीर नुकसान का खतरा है

खेल डेस्क, 2 फरवरी 2026:

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान सरकार ने साफ किया कि टीम टूर्नामेंट खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी। इस फैसले के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा है। इस कदम से पाकिस्तान पर कई तरह के गंभीर असर पड़ सकते हैं।

पाकिस्तान को लगेगा बॉयकॉट का सीधा झटका

आईसीसी की प्लेइंग कंडीशन के अनुसार, किसी मैच के बॉयकॉट का सीधा नुकसान उसी टीम को होता है। एक नियम के तहत पाकिस्तान के खाते में 20 ओवर में शून्य रन जोड़े जाएंगे, जबकि भारत का कोई ओवर नहीं गिना जाएगा। इससे पाकिस्तान का रन रेट बेहद खराब हो सकता है और बाकी मैच जीतने के बाद भी नेट रन रेट निगेटिव में रह सकता है।

WhatsApp Image 2026-02-02 at 12.40.29 PM

ग्रुप-ए में आसान नहीं है पाकिस्तान का सफर

ग्रुप-ए में भारत और पाकिस्तान के साथ नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका की टीमें हैं। पाकिस्तान अगर अपने तीन में से एक भी मैच हारता है तो टीम ग्रुप स्टेज से बाहर हो सकती है। अमेरिका ने पिछले वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को हराकर उसे पहले ही बाहर कर दिया था, जबकि नीदरलैंड भी आईसीसी टूर्नामेंट में उलटफेर के लिए जानी जाती है।

आईसीसी पाकिस्तान को कर सकता है बैन

आईसीसी अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से यह पूछेगा कि भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट क्यों किया गया। अगर बोर्ड संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया तो आईसीसी पाकिस्तान को इसी वर्ल्ड कप से बैन भी कर सकता है। इससे पहले भी पांच टीमें वर्ल्ड कप में मैच का बहिष्कार कर चुकी हैं और उन पर कार्रवाई हुई है।

पीएसएल पर भी पड़ सकता है असर

पाकिस्तान सुरक्षा कारणों का हवाला भी नहीं दे सकता, क्योंकि टीम अपने सभी मैच भारत की जगह श्रीलंका में खेलने वाली है। अगर पीसीबी ने बांग्लादेश को समर्थन देने की दलील दी, तब भी आईसीसी कार्रवाई कर सकता है। आईसीसी पहले ही चेतावनी दे चुका है कि ऐसे हालात में पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट नहीं दिया जाएगा।

नॉकआउट में भारत आया तो क्या होगा?

पाकिस्तान ने यह साफ नहीं किया है कि अगर नॉकआउट स्टेज में भारत से सामना हुआ तो टीम खेलेगी या नहीं। सूत्रों के अनुसार, आईसीसी इस मुद्दे पर पाकिस्तान से जवाब मांग सकता है। जवाब संतोषजनक न होने पर पीसीबी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

खतरे में पड़ सकती है भविष्य की मेजबानी

पाकिस्तान ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी, जो 29 साल बाद मिला कोई आईसीसी टूर्नामेंट था। भारत-पाकिस्तान मैच से आईसीसी को सबसे ज्यादा कमाई होती है। मैच नहीं होने से रेवेन्यू घट सकता है। इस नुकसान की भरपाई के लिए आईसीसी भविष्य में पाकिस्तान से मेजबानी छीन सकता है और सालाना रेवेन्यू शेयर भी कम किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button