Sports

T20 World Cup: न्यूजीलैंड पर इंग्लैंड की जीत से पाकिस्तान को मिली ऑक्सीजन… लॉस्ट ओवर में यूं पलटा मैच

T20 वर्ल्ड कप सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, विल जैक्स और रेहान अहमद की शानदार फिनिशिंग से सेमीफाइनल की दौड़ रोमांचक

स्पोर्ट्स डेस्क, 28 फरवरी 2026:

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया है। इस हार के साथ न्यूजीलैंड सीधे सेमीफाइनल में पहुंचने का बड़ा मौका गंवा बैठा। अब उसकी किस्मत पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच के नतीजे पर निर्भर करेगी। वहीं इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है और अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहा।

इंग्लैंड ने 3 गेंद पहले हासिल की जीत

159 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 19.3 ओवर में 6 विकेट खोकर 161 रन बना लिए। टीम की ओर से टॉम बैंटन ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। विल जैक्स ने नाबाद 32 रन की अहम पारी खेली। कप्तान हैरी ब्रूक ने 26, जबकि सैम करन ने 24 रन का योगदान दिया।

T20 World Cup England Beat New Zealand in Thriller (1)

खराब शुरुआत के बाद संभली पारी

इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। फिल सॉल्ट सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जोस बटलर खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद हैरी ब्रूक ने 24 गेंद में 26 रन बनाकर पारी को संभाला। जैकब बेथल ने 21 रन जोड़े और सैम करन ने उपयोगी योगदान दिया। अंत में विल जैक्स और रेहान अहमद ने सातवें विकेट के लिए सिर्फ 16 गेंद में 44 रन की तेज साझेदारी कर मैच इंग्लैंड की झोली में डाल दिया।

न्यूजीलैंड ने बनाए थे 159 रन, घातक रही इंग्लैंड की गेंदबाजी

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंद में 39 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। टिम सैफर्ट ने 25 गेंद में 36 और फिन एलन ने 19 गेंद में 29 रन की तेज पारी खेली। इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद और विल जैक्स ने दो-दो विकेट लिए। रेहान अहमद ने भी अहम सफलता हासिल की और मध्यक्रम को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।

अब दूसरे मैच पर टिकी निगाहें

इस हार के बाद न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। अब टीम की उम्मीदें पाकिस्तान और श्रीलंका के मुकाबले के परिणाम पर टिकी हुई हैं, जिससे सुपर-8 का समीकरण आखिरी तक रोमांचक बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button