लखनऊ, 16 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आज से 25 फरवरी के बीच कई इलाकों की पानी की टंकियों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिन क्षेत्रों की टंकियों की सफाई होगी वहां उस दिन शाम के समय जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने लोगों से कहा है कि सुबह की आपूर्ति के समय अपनी जरूरत के अनुसार पानी स्टोर कर लें जिससे शाम को असुविधा न हो।
अभियान की शुरुआत आज कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी के सेक्टर-के की टंकी से होगी। इसके बाद 17 फरवरी को सेक्टर-एन, 19 फरवरी को सेक्टर-एम की टंकी की सफाई कराई जाएगी। इसी क्रम में 21 फरवरी को हिंदनगर टंकी, 23 फरवरी को किला गांव, 24 फरवरी को औरंगाबाद और 25 फरवरी को बेहसा की टंकी की सफाई प्रस्तावित है।
सफाई कार्य के दौरान जलापूर्ति अस्थायी रूप से रोकी जाएगी जिससे टंकियों की अंदरूनी सफाई, कीटाणुनाशक प्रक्रिया और तकनीकी जांच सुरक्षित ढंग से की जा सके। जलकल विभाग के मुताबिक यह कदम शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में जरूरी है।
विभाग ने यह भी भरोसा दिलाया है कि यदि किसी इलाके में पानी की अधिक किल्लत हुई तो लोगों की मांग पर टैंकर के जरिए पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। क्षेत्रीय नागरिकों से कहा गया है कि वे पहले से तैयारी रखें और जरूरत से ज्यादा पानी बर्बाद न करें। प्रशासन का कहना है कि नियमित सफाई से टंकियों में जमा गंदगी हटेगी, पानी की गुणवत्ता सुधरेगी और आने वाले दिनों में जलापूर्ति और अधिक भरोसेमंद बनेगी।






