विकास गोंड
वाराणसी, 16 अप्रैल 2026:
चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़ा पोस्टर हटने के बाद माहौल अचानक गरमा गया। दलित समाज के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए। बांस-बल्ली लगाकर चक्का जाम किया गया। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई।
बताया जा रहा है कि अंबेडकर जयंती पर एक दिन पहले जुलूस के दौरान गांव के बाबा बटुक भैरवनाथ मंदिर के गेट पर अंबेडकर का पोस्टर लगाया गया था। गुरुवार सुबह जब लोगों ने पोस्टर गायब देखा तो गांव में आक्रोश फैल गया। कुछ ही देर में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए।
इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए। इनमें कुछ हिंदू संगठनों से जुड़े लोग शामिल बताए जा रहे हैं। उन्होंने मंदिर गेट पर पोस्टर लगाए जाने पर आपत्ति जताई। इससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में पुलिस ने पोस्टर दोबारा लगवाकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन दूसरे पक्ष के विरोध के बाद स्थिति बिगड़ने लगी। हालात को देखते हुए पुलिस ने पोस्टर हटवा दिया ताकि टकराव न बढ़े।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच के लिए टीम बना दी गई है। पुलिस के अनुसार जिस जगह पोस्टर लगाया गया था, वहां पहले से त्रिशूल लगा था। इसी वजह से विवाद की स्थिति बन रही थी। एहतियात के तौर पर पोस्टर हटवाया गया। पोस्टर जलाने और माहौल बिगाड़ने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है। क्यूआरटी टीम को भी लगाया गया है जो लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, फिर भी सतर्कता बरती जा रही है।






