बिजनेस डेस्क, 30 मार्च 2026:
हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत तेज गिरावट के साथ हुई। ग्लोबल बाजारों में कमजोरी और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर घरेलू बाजार पर साफ दिखा। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,191 अंक टूटकर 72,391 के स्तर पर आ गया। वहीं निफ्टी भी 349 अंक गिरकर 22,470 के करीब पहुंच गया।
शुक्रवार को भी बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, जहां सेंसेक्स 1,690 अंक लुढ़ककर 73,583 पर बंद हुआ था और निफ्टी 22,819 के स्तर पर आ गया था। इस कमजोरी का असर सोमवार की ओपनिंग पर भी देखने को मिला। रुपये में हालांकि हल्की मजबूती देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 128 पैसे मजबूत होकर 93.57 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में ज्यादा गिरावट रही। वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, टीसीएस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में कुछ बढ़त दिखी।
एशियाई बाजारों का रुख मिला-जुला रहा। जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग दबाव में रहे, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट हल्की बढ़त में कारोबार करता दिखा। अमेरिकी बाजारों में भी शुक्रवार को कमजोरी रही। नैस्डैक में 2.15 फीसदी, डाउ जोन्स में 1.73 फीसदी और एसएंडपी 500 में 1.67 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
विदेशी निवेशकों की बिकवाली बाजार के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। मार्च महीने में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से करीब 1.14 लाख करोड़ रुपये निकाल लिए, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आउटफ्लो माना जा रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी नरमी आई है। ब्रेंट क्रूड का भाव गिरकर 115.3 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इसके बावजूद वैश्विक हालात और महंगाई को लेकर चिंता बनी हुई है।






