Business

बजट से पहले बाजार में हलचल: सेंसेक्स 400 अंक टूटा… सोना-चांदी धड़ाम, जानिए क्यों आई बड़ी गिरावट?

शेयर बाजार में आज गिरावट रही, सेंसेक्स और निफ्टी फिसले जबकि बैंक, मेटल और आईटी शेयरों पर दबाव दिखा। वहीं मुनाफावसूली के चलते सोना-चांदी में भी तेज गिरावट आई

बिजनेस डेस्क, 30 जनवरी 2026:

बजट से पहले आज भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 400 अंकों की गिरावट के साथ 82,150 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी में भी लगभग 150 अंकों की कमजोरी रही और यह फिसलकर 25,270 के आसपास पहुंच गया। बाजार में मेटल और आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा, जबकि एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। वहीं आज सुबह बाजार खुलते ही सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई।

बैंक शेयरों में कमजोरी, निफ्टी बैंक 60 हजार से नीचे

आज के कारोबार में बैंकिंग सेक्टर पर भी दबाव बना रहा। निफ्टी बैंक इंडेक्स करीब 200 अंक गिरकर 60,000 के अहम स्तर से नीचे आ गया। बाजार जानकारों का कहना है कि भले ही आज गिरावट है, लेकिन निफ्टी में आगे तेजी की संभावना बनी हुई है। उनके मुताबिक निफ्टी 25,600 के स्तर तक जा सकता है, जबकि 25,450 पहला अहम स्तर है जिस पर निवेशकों को नजर रखनी होगी।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-01-30 at 11.19.19 AM

सोना-चांदी में मुनाफावसूली से भारी गिरावट

आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत में 17 हजार रुपये से ज्यादा की गिरावट आई, जिससे इसका भाव करीब 3.82 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया। वहीं सोना भी करीब 3 हजार रुपये लुढ़क गया और इसकी कीमत प्रति 10 ग्राम लगभग 1.66 लाख रुपये हो गई। यह गिरावट इस हफ्ते की जोरदार तेजी के बाद निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के चलते आई।

सुबह गिरावट के बाद आई थोड़ी मजबूती

शुरुआती गिरावट के बाद सोना और चांदी की कीमतों में कुछ सुधार भी देखा गया। सुबह करीब 10 बजे चांदी 11,893 रुपये की गिरावट के साथ 3,88,000 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। वहीं सोना 2,105 रुपये कमजोर होकर 1,67,298 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले दोनों कीमती धातुएं रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थीं।

नतीजों और इस्तीफे से शेयरों में हलचल

आज बजाज ऑटो और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत कई कंपनियों के तिमाही नतीजे आने वाले हैं। वहीं आईटीसी, वेदांता, डिक्सन टेक, वोल्टास और ब्लू स्टार जैसी कंपनियों के नतीजे कल बाजार बंद होने के बाद आए थे, जिससे आज इनके शेयरों में हलचल देखी जा रही है। इसके अलावा साउथ इंडियन बैंक के एमडी और सीईओ पीआर शेषद्रि के इस्तीफे की खबर के बाद बैंक के शेयरों में करीब 18 फीसदी की भारी गिरावट आई और शेयर लगभग 36 रुपये पर आ गया, जो बैंक के इतिहास की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट मानी जा रही है।

एफआईआई बिकवाली, डीआईआई ने संभाला बाजार

विदेशी निवेशकों ने 29 जनवरी यानी गुरुवार को करीब 394 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,638 करोड़ रुपये की जोरदार खरीदारी की। दिसंबर 2025 में एफआईआई ने कुल 34,350 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे, जबकि डीआईआई ने इसी दौरान 79,620 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को सहारा दिया था। इससे पहले बीते कल यानी गुरुवार को सेंसेक्स 221 अंकों की तेजी के साथ 82,566 और निफ्टी 73 अंकों की बढ़त के साथ 25,416 पर बंद हुआ था।

ये भी पढ़ें  गणतंत्र दिवस : 9 बजते ही थम गया शहर, सड़क-चौराहे पर खड़े होकर लोगों ने गाया राष्ट्र गान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link