Lucknow City

यात्रीगण ध्यान दें… लखनऊ जंक्शन पर ब्लॉक से 18 ट्रेनें प्रभावित, 25 जनवरी से लखनऊ-अजमेर फ्लाइट भी बंद

लखनऊ जंक्शन पर कॉन्कोर्स निर्माण के चलते आगरा फोर्ट सहित कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन में किया गया आंशिक बदलाव, शॉर्ट टर्मिनेशन और बनेगी देरी की स्थिति

लखनऊ, 18 जनवरी 2026:

उत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन पर चल रहे कॉन्कोर्स निर्माण कार्य का असर अब रेल यात्रियों पर साफ दिखने लगा है। निर्माण कार्य के चलते रेलवे ने 19 जनवरी से 22 फरवरी तक ट्रैफिक ब्लॉक की अवधि बढ़ा दी है। इसके कारण आगरा फोर्ट सहित कई प्रमुख ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव, शॉर्ट टर्मिनेशन और देरी की स्थिति बनेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक 19 जनवरी से 22 फरवरी तक आगरा फोर्ट-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस को लखनऊ जंक्शन के बजाय ऐशबाग स्टेशन तक ही चलाया जाएगा। वापसी में यह ट्रेन ऐशबाग से दोपहर 3:55 बजे आगरा फोर्ट के लिए रवाना होगी। इसी तरह बांद्रा टर्मिनस-लखनऊ एक्सप्रेस 14 फरवरी तक ऐशबाग स्टेशन तक आएगी, जबकि 15 फरवरी तक लखनऊ जंक्शन–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस ऐशबाग से शाम 5:50 बजे चलेगी।

WhatsApp Image 2026-01-18 at 11.34.37 AM

पुणे-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस 17 फरवरी तक और लखनऊ जंक्शन-पुणे एक्सप्रेस 18 फरवरी तक गोमतीनगर स्टेशन से संचालित होंगी। इन ट्रेनों का बादशाहनगर और ऐशबाग स्टेशनों पर दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव रहेगा। 9 से 22 फरवरी के बीच गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस ऐशबाग तक आएगी और वहीं से शाम 4:16 बजे वापसी करेगी।

इसके अलावा 19 से 25 जनवरी तक छपरा-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस गोमतीनगर तक ही आएगी जबकि वापसी में लखनऊ जंक्शन-छपरा एक्सप्रेस गोमतीनगर से रात 9:48 बजे चलेगी। 9 से 22 फरवरी तक गोरखपुर-ऐशबाग एक्सप्रेस गोमतीनगर तक आएगी और वापसी में ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस ऐशबाग के बजाय गोमतीनगर से शाम 5 बजे रवाना होगी। कासगंज-लखनऊ जंक्शन सवारी गाड़ी भी ऐशबाग तक ही सीमित रहेगी। लखनऊ जंक्शन-चंडीगढ़ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटे देरी से चलेगी।

उधर, हवाई यात्रियों के लिए भी झटका है। लखनऊ से अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट के बीच चलने वाली स्टार एयर की फ्लाइट 25 जनवरी से बंद की जा रही है। परिचालन कारणों से यह सेवा समाप्त की जा रही है। इसकी अंतिम उड़ान 24 जनवरी को होगी। यह फ्लाइट वर्ष 2024 में उड़ान योजना के तहत शुरू की गई थी। 80 सीटर छोटे विमान से संचालित इस सेवा का किराया 4,099 रुपये था। इससे पहले भी लखनऊ से नागपुर, आगरा, गोरखपुर, भोपाल और प्रयागराज की फ्लाइटें बंद हो चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button