Lucknow City

दुबग्गा में रंगदारी से इनकार पर हमला…टाइल्स शोरूम पर फेंके सुतली बम, बाल-बाल बचे लोग

धमकी मिलने पर दी गई थी सूचना लेकिन हमले के बाद हरकत में आई पुलिस, खंगाले जा रहे फुटेज

पंकज

काकोरी (लखनऊ), 17 जनवरी 2026:

दुबग्गा इलाके में रंगदारी न देने पर बदमाशों ने एक टाइल्स व मार्बल शोरूम को निशाना बनाया। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने शोरूम पर सुतली बम फेंक दिए। धमाके से शोरूम का शीशा टूट गया, लेकिन वहां मौजूद मैनेजर, मजदूर और ग्राहक किसी तरह बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शोरूम के बाहर रुके और बम फेंककर फरार

ये भी पढ़ें:

रहीमाबाद के कहला गांव निवासी शादाब का अंधे की चौकी, सिकरौरी इलाके में टाइल्स और मार्बल का शोरूम है। शोरूम में मलिहाबाद के ढकवा गांव निवासी अंकित सिंह मैनेजर हैं। अंकित के मुताबिक दो नकाबपोश बदमाश बाइक से आए, सड़क पर रुके और शोरूम की तरफ दो सुतली बम फेंक दिए। जोरदार धमाके के साथ शीशा टूट गया। शोरूम में मौजूद मजदूर संतु, महेंद्र और एक ग्राहक किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे।

चार दिन पहले मांगी थी दस लाख की रंगदारी

मैनेजर अंकित ने बताया कि चार दिन पहले शोरूम के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। सोमवार को उसी नंबर से कॉल भी आई थी। बदमाशों ने पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी जानकारी शोरूम मालिक शादाब को दी गई थी।

शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

अंकित का आरोप है कि धमकी मिलने के बाद वह थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने नशे में होने की बात कहकर उन्हें फटकार कर वापस लौटा दिया। कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई। शुक्रवार को हुए हमले के बाद पुलिस हरकत में आई और शोरूम व आसपास लगे दस से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी

इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक टीम को दोनों बाइक सवार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें  दिल्ली में सीएम पद पर रेखा की ताजपोशी के बाद जिलों में दिखा जश्न का माहौल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link