Lucknow CityNationalUttar Pradesh

यूपी दिवस : जिला, मण्डल व राज्य स्तर पर होंगे कार्यक्रम, पर्यटन मंत्री ने कहा…उत्सव का हिस्सा बनें लोग

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा- 24 से 26 जनवरी तक इस आयोजन में साकार दिखेगा यूपी का वैभवशाली उदय, कई देशों में भारतीय दूतावासों की मदद से होगा आयोजन

लखनऊ, 18 जनवरी, 2026:

उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का आयोजन इस बार 24 से 26 जनवरी तक पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर किया जाएगा। पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस तीन दिवसीय उत्सव के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक पहचान और विकास की झलक लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 1950 को प्रदेश का नाम संयुक्त प्रांत से बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में साल 2018 से यूपी दिवस मनाया जा रहा है। अब यह आयोजन हर साल और भी भव्य होता जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-01-18 at 5.16.54 PM

इस बार यूपी दिवस का आयोजन ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर किया जाएगा। राजधानी लखनऊ, नोएडा समेत सभी जिलों में एक साथ कार्यक्रम होंगे। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर होगा, जबकि हर जिले में सांस्कृतिक, साहित्यिक और विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

लखनऊ में होने वाले मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, ताकि देश और विदेश में रहने वाले यूपी के लोग भी इस जश्न से जुड़ सकें। यूपी दिवस को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए इसका आयोजन दिल्ली, महाराष्ट्र और दूसरे राज्यों के साथ-साथ विदेशों में भी किया जाएगा। फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे देशों में भारतीय दूतावासों के सहयोग से कार्यक्रम होंगे। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यूपी दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश के नए और मजबूत स्वरूप को दिखाने का मौका है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर इसमें हिस्सा लें और यूपी के वैभवशाली उदय को करीब से देखें। कार्यक्रम स्थलों पर हर जिले के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां लोग अपने जिले की पहचान, परंपरा और तरक्की को एक ही जगह देख सकेंगे। साथ ही राष्ट्रीय स्तर के नेताओं के विचार सुनने का भी मौका मिलेगा।

जयवीर सिंह ने 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस और राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यटन और लोकतंत्र दोनों ही देश की ताकत हैं। इसके अगले दिन 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पूरे देश में जोश और सम्मान के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य आयोजन लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल और नोएडा के शिल्पग्राम में होगा। मुंबई समेत दूसरे शहरों और जिलों में भी अलग-अलग कार्यक्रम रखे जाएंगे।

नोएडा के शिल्पग्राम में होने वाले कार्यक्रम में कई देशों के राजदूतों को खास मेहमान के तौर पर बुलाया जाएगा। प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि यूपी दिवस 2026 का आयोजन पूरी तैयारी और बेहतर व्यवस्था के साथ किया जाए। सरकार का दावा है कि इस बार का यूपी दिवस न सिर्फ प्रदेश, बल्कि विदेशों तक उत्तर प्रदेश की पहचान को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button