EducationGovernment policiesUttar Pradesh

UP सरकार का डिजिटल दांव : OBC युवाओं के लिए मुफ्त कंप्यूटर ट्रेनिंग, 10 जुलाई तक करें आवेदन

'ओ' लेवल और CCC कोर्स का पूरा खर्च उठाएगी सरकार, 1 अगस्त से शुरू होगा प्रशिक्षण, 2025-26 में 29 हजार से अधिक युवाओं ने उठाया लाभ

लखनऊ, 29 जून 2026:

यूपी के युवाओं को डिजिटल रूप से दक्ष और रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में सरकार लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के युवाओं के लिए संचालित मुफ्त ‘ओ’ लेवल एवं CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र व छात्राएं 10 जुलाई तक आधिकारिक वेबसाइट http://obccomputertraining.upsdc.gov.in⁠ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण एक अगस्त से शुरू होगा।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग के युवक-युवतियों को भारत सरकार की नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना का लाभ उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जिन्होंने इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया हो। इसके साथ उनके माता-पिता या अभिभावक की वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे कम हो तथा जो किसी अन्य शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहे हों।

इस योजना के तहत ‘ओ’ लेवल कंप्यूटर कोर्स की अवधि एक वर्ष और CCC कोर्स तीन महीने का है। दोनों पाठ्यक्रम रोजगार और डिजिटल कौशल के लिहाज से बेहद उपयोगी माने जाते हैं। खास बात यह है कि प्रशिक्षण का पूरा खर्च सरकार उठाती है। ‘ओ’ लेवल के लिए प्रति छात्र 15 हजार रुपये और CCC के लिए 3,500 रुपये का भुगतान सीधे विभाग द्वारा किया जाता है। इससे छात्रों पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ता।

इस योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 29,191 युवाओं ने इसका लाभ लिया। इनमें 22,407 छात्रों ने ‘ओ’ लेवल और 6,784 ने CCC प्रशिक्षण पूरा किया। वर्तमान में प्रदेश के 299 चयनित संस्थानों में यह प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने पात्र छात्र-छात्राओं को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

READ MORE

ये भी पढ़ें  मनरेगा में बना रिकॉर्ड: 48 लाख से अधिक परिवारों को रोजगार, 31 फीसदी एससी-एसटी लाभार्थी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link