UP MLC Election 2026: बूथों पर गड़बड़ी के आरोप सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आयोग को सौंपा ज्ञापन
गाजियाबाद से गाजीपुर तक मतदान केंद्रों पर गड़बड़ी की शिकायत, प्रयागराज में बूथों के भीतर अनधिकृत लोगों की मौजूदगी का आरोप, चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग

लखनऊ, 23 अक्टूबर 2026:
यूपी में MLC Election 2026 के बीच समाजवादी पार्टी ने कई जिलों में मतदान प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने शिकायतों की जांच कर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
गाजियाबाद में बूथों के पास एजेंट बैठाने का आरोप
सपा ने गाजियाबाद के कैलाशवती इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 234, 235, 236 व 237 के 200 मीटर के दायरे में भाजपा एजेंटों के बैठने की शिकायत की है। पार्टी का आरोप है कि इस मामले की जानकारी देने के बावजूद एडीएम ने कार्रवाई नहीं की। गाजीपुर में बूथ संख्या 120 व 121 पर भाजपा कार्यकर्ताओं और असामाजिक तत्वों पर मतदाताओं को डराने, धमकाने व परेशान करने का आरोप लगाया गया है। सपा ने चुनाव आयोग से मामले में दखल देने के साथ दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रयागराज में बूथों के भीतर मौजूदगी पर सवाल
सपा के ज्ञापन में प्रयागराज के मऊआइमा क्षेत्र का मामला भी शामिल है। पार्टी ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख व भाजपा नेता सुधीर मौर्य पर बूथ संख्या 56, 57 व 58 के भीतर अनधिकृत लोगों के साथ मौजूद रहकर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष ने झांसी औरैया व मैनपुरी आदि जिलों में हो रही गड़बड़ियों का जिक्र किया है।
https://t.co/iJhVFuPqOz
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 23, 2026
सीतापुर में चुनावी माहौल बिगाड़ने का आरोप
सीतापुर के महोली विकास खंड में भाजपा विधायक व चेयरमैन धीरज सिंह चौहान पर चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश का आरोप लगाया गया है। वहीं हरदोई में भाजपाइयों द्वारा आईडी चेक करने का आरोप लगाया गया है। सपा का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से निष्पक्ष मतदान प्रभावित हो सकता है। पार्टी ने सभी मतदान केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतियां मुख्य चुनाव आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, रिटर्निंग ऑफिसर, पर्यवेक्षक व सहायक निर्वाचन अधिकारी को भी भेजी गई हैं।






