Government policiesLucknow City

बकायेदारों की बल्ले-बल्ले! UP में बिजली बिल राहत योजना कल से होगी शुरू… जान लें इसके फायदे

तीन महीने चलेगी योजना, बकाया बिजली बिलों पर 100% ब्याज माफी, मूलधन पर 25% की छूट, किस्तों में भुगतान की सुविधा

लखनऊ, 30 नवंबर 2025:

यूपी में बिजली बिल राहत योजना सोमवार (1 दिसंबर) से शुरू हो रही है। आगामी 28 फरवरी तक चलने वाली योजना की तैयारियों की ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाया जाए।

मंत्री ने बताया कि बिजली बिल के बकाएदार उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी गई है। योजना के तहत बकायेदार उपभोक्ताओं का 100 प्रतिशत ब्याज माफ किया जाएगा और मूलधन में 25% की छूट मिलेगी। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं (2 किलोवाट तक) और दुकानदार उपभोक्ताओं (1 किलोवाट) को आसान किस्तों में भुगतान की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही औसत खपत के आधार पर बढ़े हुए बिलों में स्वतः कमी की जाएगी। बिजली चोरी से जुड़े पुराने मामलों में भी राहत दी जाएगी।

उन्होंने सभी डिस्कॉम, पॉवर कॉर्पोरेशन और ट्रांसमिशन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि योजना के दौरान दैनिक रिपोर्टिंग की जाए। अधिकारी प्रतिदिन फील्ड निरीक्षण करें जिससे पंजीकरण, बिल संशोधन और आवेदन प्रक्रिया में किसी उपभोक्ता को कठिनाई न हो।

ये भी पढ़ें:

पॉवर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि नेवर पेड, लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं और चोरी के मामलों से जुड़े सभी पात्र उपभोक्ताओं को पंजीकृत कराकर बकाया जमा कराने की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों की होगी। जिला प्रशासन के सहयोग से योजना को एक-एक उपभोक्ता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

उपभोक्ता ऐसे उठा सकते हैं लाभ

इस योजना का लाभ लेने के लिए घरेलू और वाणिज्यिक उपभोक्ता यूपीपीसीएल की वेबसाइट, UPPCL Consumer App, विभागीय कार्यालय, जनसेवा केंद्र, फिनटेक एजेंट या मीटर रीडर के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। इस संबंध में जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें  UP में 27 IPS अफसरों का तबादला : कई जिलों के कप्तान बदले, कमिश्नरेट में भी फेरबदल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button