
लखनऊ, 13 जुलाई 2026:
यूपी में रोइंग खेल को नई पहचान दिलाने और भविष्य की दिशा तय करने के उद्देश्य से लखनऊ के अवध जिमखाना क्लब में रोइंग के उत्थान और भविष्य की राह विषय पर विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों और पदाधिकारियों ने प्रदेश में रोइंग के विस्तार और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर चर्चा की।
राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं एसोसिएशन के तकनीकी सचिव एसएम भट्ट और उपाध्यक्ष अजय भदौरिया ने कहा कि गोरखपुर के रामगढ़ताल में हाल के वर्षों में आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों ने प्रदेश को रोइंग के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल का प्राकृतिक वाटर ट्रैक और वहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाएं इस बात का प्रमाण हैं कि प्रदेश अब अंतरराष्ट्रीय रोइंग चैंपियनशिप की मेजबानी करने की क्षमता रखता है।
वक्ताओं ने लखनऊ की चर्चा करते हुए कहा कि यह शहर कभी रोइंग का प्रमुख केंद्र रहा है और यहां कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित हुई थीं। हालांकि वर्तमान में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के अभाव में यहां यह खेल लगभग ठहर गया है। उनका कहना था कि यदि लखनऊ में रोइंग का नया सेंटर विकसित किया जाए तो प्रदेश को गोरखपुर और लखनऊ के रूप में दो मजबूत प्रशिक्षण केंद्र मिलेंगे। इससे खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध होगा।
उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के संरक्षक एवं भाजपा एमएलसी पवन सिंह चौहान ने कहा कि गोरखपुर ने रोइंग में जो उपलब्धियां हासिल की हैं अब उन्हें पूरे प्रदेश तक पहुंचाने का समय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लखनऊ में रोइंग को दोबारा स्थापित करने के लिए वह शासन स्तर पर हरसंभव प्रयास करेंगे।
यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सैयद रफत जुबैर रिजवी ने कहा कि प्रदेश में रोइंग का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। खिलाड़ियों में नया उत्साह दिखाई दे रहा है। ऐसे में लखनऊ के पुराने सेंटर की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालना जरूरी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ओलंपिक एसोसिएशन इस दिशा में पूरा सहयोग देगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन में नई जिम्मेदारियों की भी घोषणा की गई। लखनऊ के उद्यमी एवं विश्वास स्वरूप अग्रवाल को उपाध्यक्ष, गोरखपुर के जय यदुवंशी को संयुक्त सचिव तथा लखनऊ के मनोज बाजपेयी को वाइस चेयरमैन मनोनीत किया गया। सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि गोरखपुर रोइंग का मुख्य हब बन चुका है। यदि लखनऊ में भी नया सेंटर विकसित होता है तो उत्तर प्रदेश रोइंग राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छुएगा।
प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने अपने संदेश में कहा कि यदि एसोसिएशन लखनऊ में रोइंग को पुनर्जीवित करने के लिए ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करता है तो नियमों के अनुरूप उस पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। कार्यक्रम में एसोसिएशन के कई पदाधिकारी और खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।






