Lucknow CityVaranasi

अब सिर्फ काशी ही नहीं… पूर्वी UP के जंगल, Waterfall और घुमावदार सड़कें भी बनेंगी पर्यटकों की पसंद

‘द राइडिंग चैप्टर्स’ के दूसरे संस्करण में 80 राइडर्स ने काशी से देवदरी-राजदरी तक नापा सफर, विरासत, आस्था और मानसूनी प्राकृतिक सौंदर्य को पर्यटन से जोड़ने की पहल

लखनऊ/वाराणसी, 24 अगस्त 2026:

UP Tourism अब पर्यटकों को सिर्फ काशी, अयोध्या और दूसरे प्रसिद्ध स्थलों के साथ ही प्रदेश के कम चर्चित पर्यटन ठिकानों और खूबसूरत मार्गों से भी रूबरू करा रहा है। इसी कड़ी में ‘द राइडिंग चैप्टर्स’ के दूसरे संस्करण में 80 बाइक राइडर्स ने पूर्वी उत्तर प्रदेश की विरासत, आध्यात्मिकता और मानसूनी प्राकृतिक खूबसूरती को करीब से महसूस किया। दो दिवसीय इस राइड में सारनाथ और चुनार की ऐतिहासिक विरासत से लेकर देवदरी-राजदरी के जलप्रपातों तक का सफर आकर्षण का केंद्र रहा।

सुल्तानपुर और जौनपुर के रास्ते शुरू हुई राइड वाराणसी क्षेत्र पहुंची। यहां राइडर्स ने सारनाथ की बौद्ध विरासत को जाना और इसके बाद ऐतिहासिक चुनार किले का भ्रमण किया। रात में काशी आनंदम में ठहराव के बाद रविवार सुबह यात्रा की शुरुआत शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और गंगा आरती के साथ हुई। इसके बाद बाइकर्स जंगलों से होकर गुजरने वाले घुमावदार रास्तों पर देवदरी और राजदरी जलप्रपातों की ओर बढ़े।

चुनार से राजदरी तक का रास्ता बना आकर्षण

ये भी पढ़ें:

राइडर्स के लिए चुनार से राजदरी तक का सफर मंजिल से कम रोमांचक नहीं रहा। रास्ते में मानसून से निखरी हरियाली, घुमावदार सड़कें और लगातार बदलते प्राकृतिक दृश्य इस यात्रा को खास बनाते रहे। प्रतिभागी हर्ष वर्धन गुप्ता के मुताबिक इस मार्ग ने यह अहसास कराया कि उत्तर प्रदेश में लोकप्रिय पर्यटन केंद्रों से आगे भी प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच से भरपूर कई ऐसे स्थल हैं जिन्हें अभी व्यापक पहचान मिलनी बाकी है।

राइड में शामिल गरिमा ने भी कम चर्चित पर्यटन स्थलों तक पहुंच को बेहद खास अनुभव बताया। उनके अनुसार लंबे और अपेक्षाकृत कम चर्चित मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर समन्वय के चलते यात्रा व्यवस्थित और सुरक्षित महसूस हुई। इससे ऐसे नए पर्यटन स्थलों की ओर जाने का भरोसा बढ़ता है।

विरासत से प्रकृति तक एक ही सफर में कई अनुभव

प्रशासनिक और पर्यटन विकास के नजरिए से यह राइड पूर्वी यूपी के पर्यटन मानचित्र को व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सारनाथ की बौद्ध विरासत, चुनार किले का इतिहास, काशी की आध्यात्मिक परंपरा और देवदरी-राजदरी के मानसूनी जलप्रपात आदि को एक ही यात्रा से जोड़कर उत्तर प्रदेश पर्यटन ने ‘वीकेंड ट्रैवल’ के नए विकल्प को सामने रखा है।
up-tourism-the-riding-chapters-varanasi-chunar-rajdari-waterfall2

उत्तर प्रदेश पर्यटन की ‘विजिट माई स्टेट-उत्तर प्रदेश’ पहल का हिस्सा ‘द राइडिंग चैप्टर्स’ पर्यटकों को परिचित स्थलों से आगे ले जाने पर केंद्रित है। इसका मकसद कम चर्चित विरासत स्थलों, प्राकृतिक ठिकानों और खूबसूरत सड़क मार्गों को पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़ना है। ऐसे आयोजनों के जरिए स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने, नए यात्रा मार्ग विकसित करने और पूर्वी यूपी की प्राकृतिक व सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने की कोशिश की जा रही है।

ये भी पढ़ें  स्थापना दिवस : प्रदेश अध्यक्ष ने लहराया भाजपा का झंडा, कहा...राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे 47 साल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button