CrimeUttar Pradesh

उत्तरप्रदेश : संभल में 30 वर्षीय व्यक्ति ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल वालों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

संभल, 5 मार्च 2025

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मंगलवार को 30 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसके परिवार ने दावा किया है कि उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है।हालांकि पुलिस ने कहा कि वे इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि सुसाइड नोट में जो लिखा है वह उसकी लिखावट से मेल खाता है या नहीं। परिवार के अनुसार, ऐंचोड़ा कम्बोह इलाके के मौसमपुर गांव के गौरव कुमार ने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मंगलवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि गौरव के पिता कृष्णपाल सिंह की शिकायत के आधार पर उसकी पत्नी प्रिया, उसकी मां और भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

कृष्णपाल ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने एक साल पहले मुरादाबाद जिले के सोनकपुर के अलीनगर निवासी प्रिया से शादी की थी। इसके तुरंत बाद गौरव, उसकी पत्नी और उसके माता-पिता के बीच विवाद शुरू हो गया। उन्होंने दावा किया कि प्रिया अंततः अपना वैवाहिक घर छोड़कर अपने माता-पिता के पास लौट आई।

सिंह ने आरोप लगाया कि उसने गौरव से कथित तौर पर पैसे की मांग की और मांग पूरी न होने पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि सुलह-समझौते के कई प्रयासों के बावजूद प्रिया ने वापस लौटने से इनकार कर दिया, जिससे उनके बेटे को भारी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़ें:

घटना वाले दिन गौरव ने कथित तौर पर जहर खाने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था। पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि उसे अमरोहा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सिंह ने दावा किया कि नोट में गौरव ने अपनी पत्नी प्रिया और उसके परिवार को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि उसके साथ अन्याय हुआ है तथा वह उनके उत्पीड़न के कारण अपनी जान दे रहा है।

Advertisement

असमोली के सर्किल ऑफिसर (सीओ) कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आत्महत्या घरेलू कलह का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रिया और दो अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की पुष्टि कर रही है कि सुसाइड नोट गौरव की लिखावट से मेल खाता है या नहीं। कुमार ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें  फरहान अख्तर संग अखिलेश यादव ने देखी फिल्म ‘120 बहादुर’, रेजांग ला की वीरगाथा पर सियासत गर्म

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link