युवाओं के लिए खुशखबरी, शिक्षकों के खाली पड़े 400 पदों पर होगी भर्ती, मंत्री बोले- प्रधानाचार्यों के प्रमोशन में लाएं तेजी
प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की पहल, डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की, भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के दिए निर्देश, ब्लॉक स्तर पर स्कूलों में बनेंगे खेल मैदान

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 25 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के प्राथमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षा विभाग रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कम छात्र संख्या वाले स्कूलों से शिक्षकों का जरूरत के अनुसार अन्य विद्यालयों में समायोजन भी किया जाएगा। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने आवास पर अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनपदों में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक पद रिक्त हैं। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में होगा शिक्षकों का समायोजन
शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों के समायोजन पर जोर देते हुए कहा कि कई स्कूलों में छात्र संख्या कम होने के बावजूद जरूरत से अधिक शिक्षक तैनात हैं, जबकि कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में शिक्षकों का समायोजन जरूरत के आधार पर किया जाए, ताकि सभी विद्यालयों में उपलब्ध शिक्षकों का बेहतर उपयोग हो सके। विभागीय अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों का मुद्दा भी उठा
बैठक में राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों का मुद्दा भी उठा। मंत्री ने अधिकारियों को पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाकर रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्यों की तैनाती से विद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ होगा एमओयू
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में ब्लॉक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसरों में भूमि उपलब्ध कराएगा। योजना को आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ जल्द एमओयू किया जाएगा। इसकी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
इसके अलावा विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को विभिन्न परियोजनाओं के भूमि पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। बैठक में विभागों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






