Uttarakhand

Draft Voter List : चुनाव आयोग ने Political Parties को कॉपी सौंपी, समझाया पूरा प्लान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के साथ की बैठक, Draft Voter List की डिजिटल कॉपी सौंपी, हर BLO को 100-100 Form 6 दिए जाएंगे, करीब 19 लाख मतदाताओं की एंट्री में मिली विसंगतियों पर नोटिस जारी होंगे

देहरादून, 16 जुलाई 2026:

उत्तराखंड में चल रहे Special Intensive Revision (SIR) के अगले चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर Draft Voter List की डिजिटल कॉपी सौंपी। इस दौरान उन्होंने पहले चरण में मिले सहयोग के लिए सभी दलों का आभार जताया और आगे दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।

71 लाख से ज्यादा मतदाता Draft List में शामिल

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को Draft Voter List प्रकाशित की जा चुकी है। पहले चरण के बाद प्रदेश में कुल 71,33,785 मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि करीब 8 लाख 26 हजार मतदाता ASD श्रेणी में पाए गए हैं, जिनका सत्यापन प्रक्रिया के दौरान विशेष तौर पर किया जाएगा।

बढ़ी मतदान केंद्रों की संख्या

बैठक में बताया गया कि पहले प्रदेश में 11,733 मतदान केंद्र थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 12,543 हो गई है। इसके साथ ही हर BLO को 100-100 Form 6 उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जिन लोगों का नाम किसी वजह से वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ पाया, उन्हें दोबारा आवेदन का मौका मिल सके।
uttarakhand-draft-voter-list-released-ceo-purushottam-political-parties-meeting (2)

13 अगस्त तक दावा व आपत्ति का अवसर, एक व्यक्ति अधिकतम 5 आपत्तियां कर सकेगा

चुनाव आयोग ने 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक Form 6, Form 7 और Form 8 के जरिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय तय किया है। बैठक में यह भी साफ किया गया कि किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए एक व्यक्ति अधिकतम पांच ही आपत्तियां दर्ज करा सकेगा। अगर कोई व्यक्ति पांच से ज्यादा आवेदन देता है तो संबंधित ERO उन मामलों की अलग से व्यक्तिगत जांच कराएगा।

19 लाख मतदाताओं को भेजे जाएंगे नोटिस

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि Draft Voter List में शामिल 71 लाख से ज्यादा मतदाताओं में करीब 19 लाख मामलों में अलग-अलग तरह की विसंगतियां सामने आई हैं। ऐसे सभी मामलों में संबंधित ERO और AERO की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने राजनैतिक दलों से कहा कि नोटिस फेज के दौरान उनके BLA भी पूरी सक्रियता से प्रक्रिया में शामिल रहें, ताकि मतदाता सूची को ज्यादा से ज्यादा सटीक बनाया जा सके।

15 सितंबर को जारी होगी Final Voter List

बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण का काम चलेगा। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को Final Voter List प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास के साथ भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बीएसपी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  अंकिता कांड : लोकगायक नरेंद्र नेगी ने बुलाई महापंचायत...न्याय दिलाने का लिया संकल्प

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button