Uttarakhand

जनसुनवाई: ग्रामीणों ने बताईं समस्याएं, मंत्री बोलीं- शिकायतें रिपीट हुईं तो नपेंगे अफसर

तोली के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिविर का आयोजन, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या भी पहुंचीं, 400 शिकायतों में से 150 का मौके पर निस्तारण, युवाओं के लिए खेल मैदान निर्माण की मांग

राजकिशोर तिवारी

पिथौरागढ़, 15 जुलाई 2026ः

उत्तराखंड सरकार ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सख्त हो गई है। इसी क्रम में सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत पिथौरागढ़ के तोली में जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोली में आयोजित शिविर में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सरकार दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में 400 से अधिक ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान 150 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

ये भी पढ़ें:

जनसुनवाई में ग्रामीणों ने सड़क और नालियों की मरम्मत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़, पेयजल समस्या, नए राशन कार्ड बनाने और युवाओं के लिए खेल मैदान निर्माण जैसी मांगें प्रमुखता से उठाईं। मंत्री ने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनसुनवाई में आने वाली शिकायतों की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

शिविर में पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और सहायक छड़ियां वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से पात्रों को सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: चुनौती स्वीकार, बीकेटीसी अध्यक्ष बोले- तारीख-समय तय करें

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button