स्पोर्ट्स डेस्क, 4 जुलाई 2026:
भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपने इंटरनेशनल डेब्यू की अटकलों को और हवा दे दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में अपनी तस्वीर के साथ सिर्फ दो शब्द लिखे… New Chapter। इसके बाद क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई कि क्या 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज को आज मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया की कैप मिलने वाली है।
हालांकि, टीम मैनेजमेंट की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला आज शाम 7 बजे मैनचेस्टर में खेला जाएगा। एक दिन पहले ही गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्कल ने संकेत दिए थे कि टीम पहले मुकाबले की प्लेइंग-11 में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि अभिषेक शर्मा टी-20 के नंबर-1 बल्लेबाज हैं। संजू सैमसन टी-20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे हैं, इसलिए खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

वैभव भारतीय टीम के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर हैं। आयरलैंड सीरीज में उनके डेब्यू की उम्मीद थी लेकिन मौका नहीं मिला। भारत सीरीज हार गया और ओपनर अभिषेक शर्मा व संजू सैमसन भी प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में भी वैभव को बाहर रखने पर सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गजों ने नाराजगी जताई थी।
हाल ही में बीसीसीआई ने वैभव को टीम इंडिया की नंबर-3 जर्सी सौंपी। थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु से जर्सी लेने से पहले उन्होंने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। आईसीसी की चाइल्ड सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत इंग्लैंड दौरे पर उनके लिए अलग चेंजिंग रूम और परिवार के टीम होटल में ठहरने की विशेष व्यवस्था भी की गई है।
वैभव का रिकॉर्ड भी उनके पक्ष में है। उन्होंने गत माह इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका-ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक बनाया था। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 776 रन, 237.31 के स्ट्राइक रेट और एक शतक के दम पर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
15 साल 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बनकर उन्होंने शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या उनका ‘New Chapter’ आज सचमुच टीम इंडिया के इंटरनेशनल डेब्यू में बदलता है।






