लखनऊ, 5 फरवरी 2026:
यूपी में ठंड के साथ छाए घने कोहरे का असर अब हवाई यातायात पर भी साफ दिख रहा है। खराब दृश्यता और बदले मौसम ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को मौसम खराब होने के कारण लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इससे यात्रियों को करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार वाराणसी में सुबह अचानक कोहरा घना हो गया। इससे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग में दिक्कत आने लगी। इसके चलते दिल्ली से सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को एहतियातन लखनऊ एयरपोर्ट भेज दिया गया। यह विमान सुबह चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। विमान में दो सौ से अधिक यात्री सवार थे। मौसम में सुधार होने के बाद फ्लाइट को लखनऊ से वाराणसी के लिए रवाना किया गया।
इससे पहले बुधवार को भी घने कोहरे ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। सऊदी अरब के दम्माम से लखनऊ आ रही फ्लाईनेस एयरलाइंस की उड़ान को एयरपोर्ट के हवाई क्षेत्र में पहुंचने के बाद लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। कम दृश्यता के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा कारणों से विमान को उतरने से रोका। इसके बाद विमान को हवा में कई चक्कर लगाने पड़े और हालात न सुधरने पर उसे दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।
मौसम साफ होने पर यह उड़ान करीब चार घंटे की देरी से सुबह नौ बजे लखनऊ पहुंच सकी। इन हालात में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सुबह के समय कोहरा बने रहने की संभावना जताई है। इससे उड़ानों पर असर जारी रह सकता है।





