हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 30 मार्च 2026
कुशीनगर जिले की कसया तहसील के ग्राम नौका छपरा में रहने वाले विद्या भूषण सिंह ने यूपी पीसीएस-2024 परीक्षा में 124वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने नायब तहसीलदार पद पर चयनित होकर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। रिजल्ट आते ही पूरे गांव में परिजन व शुभचिंतक इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
विद्या भूषण बताते हैं कि उनकी सफलता में उनके बड़े भाई ज्ञान प्रताप सिंह का अहम योगदान रहा, जो वर्तमान में गोरखपुर में तहसीलदार सदर के पद पर कार्यरत हैं। उनके बड़े भाई ही उनके सबसे बड़े मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत रहे। उन्होंने पढ़ाई की दिशा तय करने में मदद की और कठिन दौर में हौसला बनाए रखा।
विद्या भूषण ने कहा कि प्रशासनिक सेवा का सपना उन्होंने अपने बड़े भाई को देखकर ही देखा था। घर का माहौल हमेशा अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी से भरा रहा, जिसने उन्हें इस लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता को भी दिया, कहा कि परिवार का विश्वास और सहयोग न होता तो यह मुमकिन नहीं था।
तैयारी के दौरान विद्या भूषण ने नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लगातार अभ्यास को अपनी दिनचर्या में रखा। कई मुश्किलें आईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उनका मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए धैर्य, निरंतरता और सही मार्गदर्शन जरूरी होता है। नौका छपरा जैसे ग्रामीण इलाके से निकलकर यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं था। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।






