लखनऊ, 4 मई 2026:
सोमवार को बदले मौसम ने राजधानी में कई जगह तबाही के हालात पैदा कर दिए। आंधी और बारिश के बीच अलग-अलग इलाकों में दीवार गिरने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। वहीं गुडंबा इलाके में मंदिर को आकाशीय बिजली गिरने से नुकसान हुआ।
मड़ियांव के भरत नगर इलाके में सुबह जर्जर दीवार गिरने से 34 वर्षीय अंकित शर्मा की जान चली गई। वह हरदोई के अतरौली का रहने वाला था और भरत नगर में ग्रीन वैली मटर विक्रेता की दुकान पर काम करता था। बताया गया कि अंकित दुकान मालिक की कार का पंक्चर बनवाने के लिए मिस्त्री के साथ पहिया खोल रहा था। इसी दौरान पास की पुरानी ईंट की दीवार अचानक ढह गई और वह मलबे में दब गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से उसे निकालकर केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में पंक्चर मिस्त्री को हल्की चोट आई थी, जो बाद में चला गया। अंकित के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
विभूति खंड में हुंडई सर्विस सेंटर के पास भी ऐसा ही हादसा हुआ। यहां सगे भाई अमित यादव और अमरीश यादव चाय-समोसे की दुकान चलाते थे। सुबह दोनों दुकान पर मौजूद थे, तभी सर्विस सेंटर की दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में दबने से अमित की मौत हो गई, जबकि अमरीश का पैर टूट गया और कान में चोट आई। दो ग्राहक भी वहां मौजूद थे, लेकिन उन्हें चोट नहीं लगी। परिवार में मां राजरानी, भाई अमरीश, ललित, रॉकी, आकाश और बहन सैलानी हैं। पिता राम लखन का पहले ही निधन हो चुका है।
उधर, गुडंबा थाना क्षेत्र के उनरापुर मजरा बसहा में स्थित राम जानकी मंदिर पर सुबह आकाशीय बिजली गिर गई। इससे मंदिर का शिखर क्षतिग्रस्त हो गया और कई ईंटें बाहर निकल गईं। ये मंदिर 1974 से बना हुआ है, जबकि तीन साल पहले इसका सौंदर्यीकरण हुआ था। पुजारी विक्रम प्रसाद ने बताया कि हादसे के समय मंदिर में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।






