Lucknow City

अभी जान लें… शहर के कई मोहल्लों में 15 दिसंबर को दिन में बंद रहेगी वाटर सप्लाई

लखनऊ का जलकल विभाग कराएगा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत, ऐशबाग मेन फीडर की आपूर्ति रहेगी बाधित, शास्त्रीनगर, खजुहा, तिलकनगर, रकाबगंज, राजेंद्रनगर, ऐशबाग, राजाबाजार, करेहटा, गढ़ी कनौरा, नक्खास, नाका हिंडोला, केकेसी आदि इलाकों में होगी दिक्कत

लखनऊ, 13 दिसंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के कई मोहल्लों में 15 दिसंबर को पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। नगर निगम के जलकल विभाग की ओर से शहर के रामनगर स्थित धोबीघाट कूड़ाघर के पास क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत कराई जानी है। इसके चलते ऐशबाग मेन फीडर से जुड़े कई इलाकों में दोपहर के समय जलापूर्ति बाधित रहेगी।

जलकल विभाग जोन-2 के अधिकारियों के मुताबिक रामनगर क्षेत्र में 300 एमएम व्यास की वाटर सप्लाई पाइपलाइन में लीकेज की समस्या सामने आई है। लगातार रिसाव से पानी की बर्बादी होने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में दबाव भी कम हो रहा था। इसी को देखते हुए विभाग ने तत्काल मरम्मत कार्य कराने का निर्णय लिया है।

अधिकारियों के अनुसार 15 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक ऐशबाग मेन फीडर की पाइपलाइन से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान शास्त्रीनगर, खजुहा, तिलकनगर, रकाबगंज, राजेंद्रनगर, ऐशबाग, राजाबाजार, करेहटा, गढ़ी कनौरा, नक्खास, नाका हिंडोला, केकेसी, खुर्शेदबाग सहित कई इलाकों में दोपहर की जलापूर्ति नहीं हो सकेगी।

जलकल विभाग ने लोगों से कहा है कि असुविधा से बचने के लिए सुबह होने वाली जलापूर्ति के समय अपनी आवश्यकता के अनुसार पेयजल स्टोर कर लें। मरम्मत कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा ताकि शाम तक जलापूर्ति बहाल की जा सके।

जलकल विभाग का मानना है कि पाइपलाइन की मरम्मत के बाद जलापूर्ति व्यवस्था पहले से बेहतर होगी और भविष्य में लीकेज की समस्या से राहत मिलेगी। यह अस्थायी परेशानी शहर की जलापूर्ति को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button