Lucknow City

‘सैफई सिंडिकेट’ को जनता के खजाने पर डकैती की छूट नहीं… रानी अवंतीबाई की प्रतिमा के लोकार्पण पर योगी का सपा पर हमला

मुख्यमंत्री बोले- 864 करोड़ खर्च के बाद भी अधूरा रहा JPNIC, सपा ने महापुरुष के नाम पर बने सेंटर को बना दिया था ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ का अड्डा, कहा- भ्रष्टाचार और बेईमानी पर भी जीरो टॉलरेंस

लखनऊ, 30 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा के लोकार्पण के मौके पर रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। दुबग्गा-सीतापुर रोड बाईपास पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल के निकट आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री एवं स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पिछली सपा सरकार को जमकर घेरा।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर सपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जेपीएनआईसी समाजवादी पार्टी के भ्रष्टाचार का ‘जीवंत स्मारक’ बन गया था। सपा ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरा जीवन समर्पित करने वाले जयप्रकाश नारायण के नाम पर बने इस केंद्र को अपनी ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ का अड्डा जैसा बना दिया था। योगी ने कहा कि जिस परियोजना की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, उस पर 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम अधूरा रहा।

जयप्रकाश नारायण की स्मृति को किया जाएगा जीवंत

ये भी पढ़ें:

सीएम योगी ने कहा कि जेपीएनआईसी पर खर्च हुए 864 करोड़ रुपये किसी ‘सैफई सिंडिकेट’ के नहीं अपितु उत्तर प्रदेश की जनता के हैं। किसी राजनीतिक दल को जनता के पैसे पर डकैती डालने की छूट नहीं दी जा सकती। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने जेपीएनआईसी से संबंधित कमेटी को भंग कर सेंटर को वापस लिया है। अब इसे लखनऊ विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संचालित किया जाएगा और जयप्रकाश नारायण की स्मृति को जीवंत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के खजाने से खर्च हुई धनराशि की वसूली का भी प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिन लोगों के हाथ से सरकारी खजाना छीन लिया है, वे अब अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं।

yogi-adityanath-akhilesh-jpnic-saifai-syndicate-attack (2)

‘सपा की पहचान दंगा-कर्फ्यू और लूट-खसोट’

योगी ने सपा की पीडीए राजनीति पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज को बांटने वाली राजनीति करने वाले लोगों ने महापुरुषों का सम्मान नहीं किया। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सपा नेताओं की ओर से श्रद्धांजलि तक नहीं दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के दौर में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, जबकि सरकारी खजाने में लूट-खसोट और खाली जमीनों पर कब्जे की शिकायतें उसकी पहचान बन गई थीं। इसके विपरीत भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों के साथ-साथ बेईमानी व भ्रष्टाचार के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

अवंतीबाई की प्रतिमा बनेगी नारी शक्ति की प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं राष्ट्रसेवा, अंत्योदय और सुशासन की प्रेरणा देती हैं। इसी क्रम में वीरांगना अवंतीबाई लोधी की अश्वारोही प्रतिमा भारतीय नारी के शौर्य, गरिमा और तेजस्विता का प्रतीक बनेगी।

उन्होंने कहा कि महज 26 वर्ष की उम्र में अवंतीबाई लोधी ने प्रथम स्वातंत्र्य समर में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ नेतृत्व किया और उनके संघर्ष ने ब्रिटिश सत्ता की चूलें हिला दी थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन समाज और राष्ट्र की एकता की प्रेरणा देता है।

50 हजार बेटियों को स्कूटी, तीन महिला बटालियन

योगी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के तहत प्रदेश में वीरांगना ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। इनमें एक लखनऊ, दूसरी गोरखपुर और तीसरी बदायूं में निर्माण के अंतिम चरण में है।

उन्होंने घोषणा की कि स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी दी जाएगी। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की गई है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री संदीप सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, जयदेवी कौशल समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  यूपी के सुल्तानपुर में नाबालिक से दुष्कर्म, दरिंदे ने मां को दी जान से मारने की धमकी, पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button