Lucknow City

लखनऊ में बिजली कटौती को लेकर रात भर हुआ हंगामा… पावर हाउस घेरा, पुलिस ने खदेड़ा

फैजुल्लागंज पावर हाउस से जुड़े कई इलाकों की बिजली जाने पर लोगों का फूटा गुस्सा, सरोजनीनगर व गोमतीनगर में भी किया प्रदर्शन

लखनऊ, 21 मई 2026:

इस भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बुरा कर दिया है। वहीं, बिजली न आने पर लोग रात में सो नहीं पा रहे हैं। इससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। बुधवार रात को राजधानी लखनऊ में कई इलाकों में बिजली गुल होने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग सड़क पर उतर आए और जमकर प्रदर्शन किया।

फैजुल्लागंज पावर हाउस से जुड़े कई इलाकों में बुधवार रात बिजली चली गई। कई घंटे बिजली न आने के कारण लोगों ने रात करीब 12.30 बजे पावर हाउस का घेराव कर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को वहां से खदेड़ दिया।

सरोजनीनगर के नादरगंज पावर हाउस के सामने केबिल जलने से इलाके की बिजली चली गई। घंटों बिजली कटौती से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि ओवरलोड व जर्जर व्यवस्था के बावजूद विभाग न तो इस ओर ध्यान दे रहा है और न सुधार कर रहा है। तेलीबाग पावर हाउस पर भी लोगों ने हंगामा किया। यहां भी कई घंटे से बिजली नहीं आ रही थी।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-05-21 at 1.39.40 PM

गोमतीनगर विस्तार सेक्टर 5 में स्थित पावर हाउस में तीन दिन से लगातार केबिल जलने की बात सामने आ रही है। इससे इलाके में कई कई घंटे बिजली चली जा रही है। बुधवार को भी देर रात बिजली जाने पर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। लोगों ने पावर हाउस पर जमकर प्रदर्शन किया।

उतरेठिया न्यू और ओल्ड पावर हाउस का सैकड़ों लोगों ने रात करीब 12 बजे घेराव किया। लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का गुस्सा देखकर कर्मचारी वहां से भाग गए। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग करते रहे।

इससे पहले बिजली संकट को लेकर गुस्साए लोगों ने मंगलवार रात को भी राजाजीपुरम और एफसीआई उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया था। लोगों का गुस्सा देखकर उपकेंद्र के कर्मचारी भाग गए थे। लोगों ने पुराने सी ब्लाक सहित आसपास की बिजली को बंद करा दिया। इसके बाद उपकेंद्र के सामने ही जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने खदेड़ा तो आलमबाग तेजीखेड़ा फ्लाईओवर के पास जाम लगा दिया। आरडीएसओ में सूर्यनगर, विक्रमनगर, तेजीखेड़ा, पारा का कुछ भाग और कानपुर हरदोई रिंग रोड पर कुछ इलाकों में बिजली नहीं रही।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  लखनऊ में सड़कों पर आक्रोश : सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्र-युवा लामबंद, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की गूंज

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button