Uttar Pradesh

योगी ने किया नए बीडीओ ऑफिस का शुभारंभ, कहा…विकास व गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता

जंगल कौड़िया ब्लॉक में हुआ कार्यक्रम, पूर्व प्रमुख स्व.रामपति यादव की प्रतिमा का अनावरण कर क्षेत्र के सेनानियों के बने स्मारक को किया नमन

गोरखपुर, 14 फरवरी 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जंगल कौड़िया विकास खंड में पुनर्निर्मित खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय और नए सभागार का लोकार्पण किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और गरीबों के समग्र कल्याण को समान प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख स्व.रामपति यादव की प्रतिमा का अनावरण किया व जंगल कौड़िया क्षेत्र के सेनानियों के बने स्मारक को नमन किया। एक पौधा रोपने के बाद कहा कि सरकार विकास की सही दिशा में कार्य कर रही है और लक्ष्य है कि विकास के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिना किसी भेदभाव के पात्र गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं वृद्धजन, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों को नियमित पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-02-14 at 2.14.23 PM (1)

संबोधन में मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के बंद पड़े फर्टिलाइजर संयंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय लोगों को विश्वास नहीं था कि यह फिर शुरू हो पाएगा, लेकिन सरकार के प्रयासों से आज संयंत्र फिर से संचालित हो चुका है। उन्होंने कहा कि विकास की सकारात्मक सोच ही युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनती है।

सीएम योगी ने कैंपियरगंज में ‘गिद्धराज’ संरक्षण केंद्र की स्थापना और गीडा क्षेत्र में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गीडा में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित किए गए हैं, जिससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है। एम्स गोरखपुर की स्थापना हुई है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज की स्थिति में भी व्यापक सुधार हुआ है और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।

WhatsApp Image 2026-02-14 at 2.14.24 PM

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीयत साफ हो तो अच्छे परिणाम अपने आप आते हैं। विकास की यही सोच हमारी वर्तमान युवा पीढ़ी के साथ-साथ भावी पीढ़ी के भविष्य को उज्ज्वल बनाने में सहायक होगी। आगे भी यह कार्य निरंतर इसी रूप में बढ़े, इसके लिए हम सभी मिलकर कार्य करें। प्रदेश का समग्र विकास और गरीबों का कल्याण उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने नवनिर्मित भवन का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के लिए मिलने वाले धन का सही उपयोग कैसे किया जाए, यह भवन उसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। गोरखपुर के जंगल कौड़िया में य एक डिग्री कॉलेज ‘महंत अवेद्यनाथ राजकीय महाविद्यालय’ का निर्माण हो चुका है और 2000 से अधिक बच्चे यहां अध्ययन कर रहे हैं। यहां खेल का मैदान, स्टेडियम तथा कुश्ती के लिए भी सुविधाएं उपलब्ध कराईं गईं।

WhatsApp Image 2026-02-14 at 2.14.23 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button