Lucknow City

40 रुपये के ‘बन’ के लिए झाड़ा IPS का रौब, पुलिस ने मांगी ID तो खुल गई ‘अफसरी’ की पोल

लखनऊ के महानगर गोल चौराहे पर दुकानदार से विवाद के बाद खुद को नोएडा का IPS अफसर बताने लगा आरोपी, ‘मुझे सैल्यूट करो’ कहने पर पुलिस को हुआ शक, हिरासत में लिया

लखनऊ, 16 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के महानगर क्षेत्र में सोमवार रात एक ऐसा मामला सामने आया जिसने कुछ देर के लिए पुलिसकर्मियों को भी हैरत में डाल दिया। महज 40 रुपये के बन को लेकर शुरू हुए विवाद में एक व्यक्ति ने खुद को नोएडा से आया आईपीएस अधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने की कोशिश की। हालांकि, उसकी ‘अफसरी’ ज्यादा देर नहीं चल सकी और पूछताछ के दौरान उसकी पोल खुल गई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार महानगर के गोल चौराहे पर स्थित एक दुकान के सामने लाल रंग की कार आकर रुकी। कार में चार लोग सवार थे। इनमें से सफेद टी-शर्ट और चश्मा पहने एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और 40 रुपये का बन खाया। जब भुगतान करने की बारी आई तो उसने दुकानदार से नाम और दुकान के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।

Fake IPS Officer Arrested Over Rs 40 Bun Dispute (1)

दुकानदार ने बताया कि दुकान उसके एक रिश्तेदार की है। इस पर वह व्यक्ति नाराज हो गया और यह कहते हुए कार में जाकर बैठ गया कि रुको, अभी तुम्हें बताता हूं कि इस तरह दुकान कैसे चलाते हो।
इसी बीच दुकान की ओर से एक युवक क्यूआर कोड लेकर भुगतान मांगने पहुंचा लेकिन कार में बैठा व्यक्ति बहस करता रहा।

स्थिति बिगड़ती देख दुकानदार ने डायल-112 पर सूचना दे दी। कुछ ही मिनटों में पुलिस मौके पर पहुंच गई और कार सवार लोगों को नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान सफेद टी-शर्ट पहने व्यक्ति ने खुद को IPS अधिकारी बताते हुए कहा कि मैं नोएडा से निरीक्षण के लिए आया हूं, मुझे सैल्यूट करो।

पुलिसकर्मियों ने जब उससे पहचान पत्र मांगा तो वह सवालों के जवाब देने के बजाय उनके नेमप्लेट पढ़कर रौब झाड़ने लगा। उसके व्यवहार और जवाबों से पुलिस को संदेह हुआ। इसी बीच मौके पर पहुंचे एक पुलिस अधिकारी ने स्थिति संभाली और जांच के निर्देश दिए। पूछताछ में व्यक्ति की कहानी संदिग्ध लगी जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।

महानगर थाना प्रभारी के मुताबिक हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान 40 वर्षीय मिथलेश शुक्ला के रूप में हुई है। वह लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र के भारतनगर का निवासी है। वह खुद को नोएडा में तैनात आईपीएस अधिकारी बता रहा था। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button