Lucknow CityUttar Pradesh

आतंकियों के आगे नहीं झुके राजेश जादौन, देश के लिए दे दी जान, गांव में बना शहादत का भव्य प्रतीक

राजौरी की मुठभेड़ में आतंकियों से आखिरी सांस तक लड़े थे वीर जवान, अब हुसैनपुर बैजुआ में उनकी वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों को देगी राष्ट्रसेवा की प्रेरणा

लखनऊ/फिरोजाबाद, 13 सितंबर 2026:

देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद राजेश कुमार जादौन की वीरगाथा को अब उनके गांव में भव्य और सम्मानजनक पहचान मिल गई है। फिरोजाबाद जिले के ग्राम हुसैनपुर बैजुआ में संस्कृति विभाग ने शहीद के स्मारक का निर्माण और जीर्णोद्धार पूरा करा दिया है। करीब 60.38 लाख रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना का काम पूरा हो चुका है। स्मारक परिसर को इस तरह विकसित किया गया है कि यह शहीद की स्मृति को संजोने के साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण स्थल बन सके।

स्मारक के विकास के तहत गेट कॉम्प्लेक्स का म्यूरल वर्क सहित निर्माण, इंटरलॉकिंग पाथवे और टूरिस्ट फैसिलिटी विकसित की गई हैं। पुराने गेट और स्मारक का जीर्णोद्धार भी कराया गया है। इन कार्यों से परिसर को आकर्षक, व्यवस्थित और आगंतुकों के अनुकूल स्वरूप मिला है।

राजेश कुमार जादौन ने भारतीय सेना में शामिल होकर राजपूत रेजिमेंट से अपनी सैन्य सेवा शुरू की थी। कठिन सैन्य प्रशिक्षण के बाद उन्होंने विभिन्न स्थानों पर रक्षा अभियानों में हिस्सा लिया और युद्ध एवं सामरिक अभियानों का अनुभव हासिल किया। बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैनात 3वीं राष्ट्रीय राइफल्स में स्थानांतरित किया गया। कठोर सैन्य प्रशिक्षण और अदम्य साहस ने उन्हें देश की सुरक्षा के लिए हर चुनौती से भिड़ने वाला निर्भीक सैनिक बनाया।

ये भी पढ़ें:

25 जून 2001 को जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में उन्होंने असाधारण वीरता दिखाई। संख्या में कम होने के बावजूद राजेश कुमार जादौन ने आतंकियों का डटकर मुकाबला किया और साथी जवानों तथा देश की सुरक्षा के लिए आखिरी सांस तक लड़ते रहे। इसी संघर्ष में उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी वीरता और सेवा को मरणोपरांत सम्मानित किया गया।

rajouri-encounter-martyr-rajesh-jadaun-firozabad-village-memorial (2)

शहीद की स्मृति को लगातार सम्मान मिलता रहा है। जनवरी 2023 में 6 यूपी बटालियन एनसीसी, फिरोजाबाद की ओर से उनके परिवार को सम्मानित किया गया। भारत सरकार के ‘शत-शत नमन’ कार्यक्रम के माध्यम से भी उनकी शहादत को श्रद्धांजलि दी गई। आज भी क्षेत्र के लोग स्मारक पर पहुंचकर वीर जवान को नमन करते हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अमर शहीद राजेश कुमार जादौन का बलिदान देश की रक्षा के लिए समर्पित हर वीर जवान के अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। सरकार शहीदों की स्मृतियों और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार काम कर रही है। हुसैनपुर बैजुआ में विकसित स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, वीरता और देशप्रेम से परिचित कराने के साथ राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा। शहीदों की गौरवगाथा को संरक्षित रखना और उनके स्मारकों को बेहतर सुविधाओं से विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

ये भी पढ़ें  अब घर बैठे बुक होंगे UP के सर्किट हाउस और गेस्ट हाउस, सरकार ने शुरू की ऑनलाइन बुकिंग सेवा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link