Sitapur City

घर में आग का तांडव, 11 साल का बेटा जिंदा जला, झुलसी मां ने तोड़ा दम, बहन की हालत नाजुक

सुबह करीब छह बजे शॉर्ट सर्किट से लगी आग, घर में रखा पेट्रोल बना बड़ी वजह, मां बेटे की मौत 17 वर्षीय बेटी काजल भी गंभीर रूप से झुलसी, ग्रामीणों ने आग पर पाया काबू, घटना के करीब 40 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस को बिजली के मीटर में शार्ट-सर्किट का शक

सीतापुर, 13 सितंबर 2026:

यूपी के सीतापुर जिले में रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। मिश्रिख क्षेत्र के गोपालापुर गांव में हुए हादसे में 11 वर्षीय कृष्णा की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि उसकी 40 वर्षीय मां गौरी ने लखनऊ ले जाते समय दम तोड़ दिया। कृष्णा की 17 वर्षीय बहन काजल भी गंभीर रूप से झुलस गई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह सोते समय लगी आग

गोपालापुर में रहने वाले कमलेश मौर्या के घर ये हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ। उस समय परिवार के लोग अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। अचानक घर में आग लगने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। आग ने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि घर में पेट्रोल केन में रखा था। पेट्रोल होने की वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया।

मुखिया दुकान पर था, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

कमलेश रविवार सुबह दुकान पर समोसा तैयार कर रहा था। करीब पौने सात बजे उसने घर की तरफ लपटें उठती देखीं। वह मौके पर पहुंचा तो ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर जाने से रोक दिया। गांव के लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

sitapur-house-fire-11-year-old-krishna-mother-death-short-circuit-petrol (2)

फायर ब्रिगेड पहुंचने में लगे करीब 40 मिनट

आग की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई थी। इसके साथ एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक ग्रामीण काफी हद तक आग बुझा चुके थे। आग में कृष्णा बुरी तरह झुलस गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मां ने लखनऊ ले जाते समय ली अंतिम सांस

हादसे में गौरी व उसकी बेटी काजल भी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। गौरी की हालत गंभीर होने पर परिवार के लोग उन्हें लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। काजल का इलाज चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस को बिजली मीटर में शॉर्ट-सर्किट का शक

घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ महोली नागेंद्र चौबे समेत मिश्रिख व आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया गया है। एएसपी ने बिजली मीटर में शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।

ये भी पढ़ें  बेटे के अन्नप्राशन संस्कार के बाद झगड़े में भड़का गुस्सा...नशे में धुत पिता ने जहर खाकर दी जान

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link