Gorakhpur

योगी ने गोरखपुर को सौंपा मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कहा-भरोसा ही सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने 150 बेड वाले एस्ट्रोमेडिक्स मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का किया उद्घाटन, इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और गुणवत्तापूर्ण इलाज की आवश्यकता पर जोर दिया

गोरखपुर, 26 जून 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर के फिराक चौराहे से रुस्तमपुर रोड स्थित एस्ट्रोमेडिक्स मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं थी, लेकिन अब लगभग हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं और स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल मुफ्त इलाज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं देना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से हर वर्ष 1200 से 1400 करोड़ रुपये तक गंभीर मरीजों के इलाज पर खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में पहले गंभीर मरीजों के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब दो दर्जन से अधिक अस्पतालों में आधुनिक आईसीयू जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि गोरखनाथ चिकित्सालय में पहला 10 बेड का आईसीयू और पहली ब्लड सेपरेटर मशीन भी उनके प्रयासों से स्थापित हुई थी।

ये भी पढ़ें:

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है। मरीज इलाज के लिए खर्च करने को तैयार रहता है, लेकिन उसे डॉक्टर और अस्पताल पर भरोसा होना चाहिए। इस भरोसे को बनाए रखना चिकित्सा संस्थानों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज, ओडीओपी योजना और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का कार्य किया है। साथ ही निजी क्षेत्र को भी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अस्पताल पूर्व मंत्री स्वर्गीय मारकंडेय चंद की स्मृति में स्थापित किया गया है। इसका संचालन गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

READ MORE

ये भी पढ़ें  गोरखपुर में गोलियों की गूंज... पुलिस एनकाउंटर में दो शातिर हुए लंगड़े, तीन और दबोचे गए

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button