
लखनऊ/प्रयागराज, 28 जून 2026:
सपा मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रयागराज में भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार नौकरियों में संगठित तरीके से घोटाला कर रही है। संविधान के अनुरूप आरक्षित वर्गों को उनका हक और सम्मान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि सपा द्वारा जारी ‘पीडीए ऑडिट अंक-1: पीडीए आरक्षण घोटाला’ बुकलेट में 22 भर्ती परीक्षाओं में आरक्षण की लूट के तथ्य सामने रखे गए लेकिन सरकार अब तक कोई जवाब नहीं दे सकी।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती में ओबीसी को 27 प्रतिशत के बजाय केवल 3.8 प्रतिशत, एससी को 21 प्रतिशत के बजाय 16.2 प्रतिशत और एसटी को दो प्रतिशत की जगह शून्य आरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के जिले में सैकड़ों प्राथमिक विद्यालय बंद हो गए हैं। अयोध्या में भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों पर सपा की रिपोर्ट का भी सरकार ने जवाब नहीं दिया।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 2017 की दरोगा भर्ती से लेकर 2026 की एसएससी जीडी और लेखपाल भर्ती तक कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा का पेपर लीक होने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में परीक्षा प्रणाली पूरी तरह अविश्वसनीय हो चुकी है।
उन्होंने घोषणा की कि सपा की सरकार बनने पर पेपर लीक और अन्य कारणों से आयु सीमा पार कर चुके युवाओं को तीन वर्ष की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। साथ ही हर विभाग के लिए भर्ती कैलेंडर जारी होगा जिसमें नोटिफिकेशन, परीक्षा और नियुक्ति की समय सीमा पहले से तय रहेगी। परीक्षा केंद्र अभ्यर्थियों के जिले या नजदीकी स्थान पर होंगे। महिला और दिव्यांग अभ्यर्थियों को गृह जिले में प्राथमिकता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को सीसीटीवी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग से सुरक्षित बनाया जाएगा तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में समयबद्ध कार्रवाई होगी। यदि सरकारी लापरवाही से परीक्षा रद्द होती है तो दोबारा परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा और एडमिट कार्ड पर मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने अयोध्या में मंदिर चढ़ावा चोरी और लखनऊ अग्निकांड का मुद्दा भी उठाते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए नेशन फर्स्ट नहीं, डोनेशन फर्स्ट है। उनका आरोप था कि भाजपा की प्राथमिकता धर्म नहीं बल्कि धन है। वह जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के एजेंडे के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर सरकार बनाएगी।






