Government policiesUttar Pradesh

अब बाबर नहीं, रामराज चलेगा : CM योगी ने अयोध्या पर सपा को घेरा, मुरादाबाद को दी नई पहचान

365 करोड़ की 63 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, गुरु जम्भेश्वर कॉरिडोर व विश्वविद्यालय की घोषणा, लाइनपार का नाम होगा 'दाऊ दयाल खन्ना नगर', बच्ची को गोद में लेकर दूध पिलाने का भावुक दृश्य बना आकर्षण

मुरादाबाद, 30 जून 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए विकास, विरासत और राजनीति के मुद्दे पर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने सपा और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अयोध्या को चमकाने की बात अब बेमानी है क्योंकि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पहले ही अयोध्या को नई वैश्विक पहचान दे चुकी है।

उन्होंने कहा कि सपा की यह स्वीकारोक्ति भाजपा की वैचारिक विजय है। एक दिन सपा मुखिया भी भगवान श्रीराम का संकीर्तन करेंगे। रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने के पाप का सार्वजनिक पश्चाताप करेंगे। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जनता ने साबित कर दिया कि अब बाबर का नहीं, रामराज ही चलेगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का मानवीय पक्ष भी देखने को मिला। स्टॉलों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक नन्ही बच्ची को गोद में उठाकर चम्मच से दूध पिलाया। उसे खिलौना भेंट किया और दुलार दिया। यह दृश्य कार्यक्रम का सबसे भावुक पल बन गया। उन्होंने नगर निगम की कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया तथा दानवीर भामाशाह की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर व्यापारी कल्याण दिवस पर व्यापारियों को सम्मानित किया।
cm-yogi-moradabad-visit-launches-development-projects-slams-sp-akhilesh-yadav (3)

ये भी पढ़ें:

सीएम योगी ने मुरादाबाद के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने गुरु जम्भेश्वर के प्राचीन मंदिर के कॉरिडोर के विकास, गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना तथा लाइनपार क्षेत्र का नाम बदलकर ‘दाऊ दयाल खन्ना नगर’ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में दाऊ दयाल खन्ना के योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा की स्थिति है। अपराधियों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी और बेटियों की सुरक्षा, व्यापारियों, किसानों व युवाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संभल का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज अपनी विरासत के प्रति सजग रहेगा तो ऐतिहासिक धरोहरें सुरक्षित रहेंगी।

उन्होंने कहा कि पहले सरकारी धन तुष्टिकरण की राजनीति में खर्च होता था जबकि आज मंदिरों के पुनरुद्धार, रामायण वाटिका, संविधान वाटिका और धार्मिक स्थलों के विकास पर लगाया जा रहा है। अयोध्या, काशी, नैमिषारण्य, विदुर कुटी और मथुरा-वृंदावन सहित अनेक तीर्थों का अभूतपूर्व विकास इसका प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश विकास, निवेश, कानून व्यवस्था और रोजगार का नया मॉडल बना है। नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है, जबकि 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश देश में सबसे अधिक एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट वाला राज्य बन चुका है। निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को आवंटन पत्र, स्वयं सहायता समूहों को 9 करोड़ रुपये का चेक, आयुष्मान कार्ड और भामाशाह सम्मान पत्र भी वितरित किए। उन्होंने मुरादाबाद नगर, कुंदरकी और मुरादाबाद देहात की जनता को विकास परियोजनाओं की सौगात के लिए बधाई दी।
cm-yogi-moradabad-visit-launches-development-projects-slams-sp-akhilesh-yadav (2)

इस अवसर पर मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, अनिल कुमार, विधायक रितेश गुप्ता व रामवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष शैफाली सिंह चौहान, एमएलसी सत्यपाल सैनी, जयपाल सिंह व्यस्त, राम गोपाल अंजान,  भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिलाध्यक्ष आकाश पाल आदि मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला : सपाई राज था गुंडागर्दी का दौर, एक-एक जातीय हिंसा की याद दिलाऊंगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button