Lucknow City

सिर्फ 25% रकम दो, अपना घर लो : LDA ने पीएम आवास के आवंटियों को दी बड़ी राहत

आज से 2 जुलाई तक एलडीए में विशेष शिविर, बसंतकुंज और शारदा नगर विस्तार योजना के आवंटियों को मिलेगा लाभ, बाकी रकम 7 साल की 84 आसान किश्तों में चुकानी होगी

लखनऊ, 30 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आशियाना बनाने का सपना अब हजारों परिवारों के लिए और आसान हो गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए केवल 25 प्रतिशत धनराशि जमा करने पर ही भवन का भौतिक कब्जा देने का फैसला किया है। इस व्यवस्था से लोग किराए के मकानों की परेशानी से जल्द निजात पाकर अपने घर में रहने का सपना साकार कर सकेंगे।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक इस संबंध में प्राधिकरण बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया है। योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र आवंटियों तक पहुंचाने के लिए आज से 2 जुलाई तक एलडीए भवन के कमेटी हॉल में विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में योजना से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। वे आवंटियों की औपचारिकताएं पूरी कराई जाएंगी।
lucknow-lda-relief-pmay-allottees-home-possession-25-percent-payment (2)

उन्होंने बताया कि यह सुविधा बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई एवं एन तथा शारदा नगर विस्तार योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों के सभी पात्र आवंटियों को मिलेगी।

उपाध्यक्ष के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर लाभार्थी को भवन के लिए 4,79,550 रुपये का भुगतान करना होता है। अब यदि आवंटी इस राशि का केवल 25 प्रतिशत जमा कर देता है। इसके साथ ही जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क, कॉर्पस फंड सहित अन्य निर्धारित शुल्क अदा कर देता है तो उसके साथ पंजीकृत एग्रीमेंट कर भवन का भौतिक कब्जा सौंप दिया जाएगा। शेष राशि का भुगतान को 7 वर्षों की 84 आसान मासिक किश्तों में करना होगा।

इसके तहत प्रति माह लगभग 5,428 रुपये की किश्त देनी होगी। एलडीए का मानना है कि यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को बड़ी राहत देगी। कम प्रारंभिक भुगतान के साथ घर का कब्जा मिलने से लाभार्थी किराए के अतिरिक्त बोझ से मुक्त होंगे और अपने परिवार के साथ जल्द ही अपने नए घर में रहने का सपना पूरा कर सकेंगे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button