Ayodhya

चढ़ावा घपला : नेताओं को नजरबंद करने पर भड़की Congress, ट्रस्ट कार्यालय घेराव की कोशिश, प्रदर्शन

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत प्रतिनिधिमंडल को रात में ही नजरबंद किया गया, कई सांसदों को भी हाउस अरेस्ट किया गया, टेढ़ी बाजार में बैरिकेडिंग के बाद कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई, कई लोगों को हिरासत में लिया गया, मुख्य आरोपियों कर नाम एफआईआर में शामिल करने की मांग रखी

अनिल निषाद

अयोध्या, 30 जून 2026:

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस के विरोध कार्यक्रम से पहले ही अयोध्या में पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को नजरबंद किए जाने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। ट्रस्ट कार्यालय की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विरोध दर्ज कराने अयोध्या पहुंचा था। पार्टी ने पहले से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था। इससे पहले सोमवार देर रात पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया। बाद में उन्हें कृषि विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस ले जाया गया।
ayodhya-ram-mandir-donation-row-congress-protest-ajay-rai-detained (2)

पुलिस ने कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पूनिया और उज्ज्वल रमण सिंह को भी हाउस अरेस्ट कर दिया। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए विरोध जताया। मंगलवार दोपहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राम जन्मभूमि मंदिर की ओर बढ़े। कार्यकर्ता नेताओं को नजरबंद करने पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे वहीं मुख्य आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल करने की मांग कर रहे थे।
ayodhya-ram-mandir-donation-row-congress-protest-ajay-rai-detained (3)

पुलिस ने मंदिर से करीब एक किलोमीटर पहले टेढ़ी बाजार में बैरिकेडिंग कर जुलूस रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने वहीं प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस से धक्का-मुक्की के बीच हल्का बल प्रयोग किया गया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों से मौके से हटाया गया।

प्रदर्शन में एससी एसटी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामसागर रावत, महिला अध्यक्ष रेनू राय, महिला अध्यक्ष नाजिश फातिमा, सेवा दल महानगर अध्यक्ष बसंत मिश्रा, महानगर महासचिव राकेश तिवारी, फिरोज अंसारी, रामेंद्र मोहन मिश्रा, विकास मिश्रा, मोहम्मद चांद, कल्लू शर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मोहम्मद आमिर, पूर्व सांसद आलिया जुबेरी, महिला महानगर अध्यक्ष फातिमा, विजय श्रीवास्तव, विशाल दुबे, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, धीरेंद्र प्रताप सिंह बबलू, एनएसयूआई अध्यक्ष जय प्रताप गुप्ता, सतीश सिंह मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button