
अनिल निषाद
अयोध्या, 30 जून 2026:
लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद अयोध्या में मानक विहीन Coaching Institute के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर मंगलवार को कई कोचिंग संस्थानों के संचालक अयोध्या विकास प्राधिकरण पहुंचे। उन्होंने प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन को ज्ञापन सौंपकर सीलिंग कार्रवाई पर आपत्ति जताई।
कोचिंग संचालकों का कहना है कि विकास प्राधिकरण ने बिना कोई पूर्व नोटिस दिए कई संस्थानों को सील कर दिया। इससे हजारों छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही संस्थानों में पढ़ाने वाले शिक्षक और अन्य स्टाफ भी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
ज्ञापन में संचालकों ने कहा कि कई Coaching Institute तय मानकों का पालन कर रहे हैं। इसके बावजूद बिना पर्याप्त जांच या पहले से सूचना दिए उन पर भी कार्रवाई कर दी गई। उनका कहना है कि किसी भी कार्रवाई से पहले संस्थान संचालकों को अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए।
संचालकों ने विकास प्राधिकरण से मांग की कि जो संस्थान सभी जरूरी मानकों का पालन कर रहे हैं, उन्हें राहत दी जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी सीलिंग कार्रवाई से पहले नोटिस जारी कर जवाब देने का अवसर दिया जाए।
ज्ञापन देने वालों में डॉक्टर करन त्रिपाठी, अनिल कुमार पांडेय, डॉ अमित कुमार, रोहित कुशवाहा, पवन कुमार, पीयूष आर्यन, डॉ ज्ञानेंद्र कुमार समेत कई कोचिंग संचालक मौजूद रहे।






