Uttarakhand

खेल नीति पर धामी का फोकस, अगले माह तैयार होगी Sports University, खिलाड़ियों को जल्द नौकरी

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक, राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुरूप नई Sports Policy की तैयारी, राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं की सरकारी नौकरी की प्रक्रिया तय समय में पूरी होगी, 39वें National Games 2027 की तैयारी भी तेज करने के निर्देश

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 2 जुलाई 2026:

उत्तराखंड में खेलों को नई रफ्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया तय समय सीमा के भीतर पूरी करने को कहा। साथ ही ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों की नियुक्ति खेल विभाग में ही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की National Sports Policy 2025 के मुताबिक राज्य की नई Sports Policy जल्द तैयार की जाए, ताकि प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने हल्द्वानी के गोलापार स्थित State Sports University में अगले माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश दिए। इसके लिए एडमिशन, कोचों की नियुक्ति, स्टाफ भर्ती समेत सभी तैयारियां तेजी से पूरी करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने One Block One Mini Stadium योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के दौरान तैयार किए गए खेल ढांचे का पूरा इस्तेमाल खिलाड़ियों के हित में होना चाहिए। देहरादून, हल्द्वानी, रुद्रपुर, टिहरी, हरिद्वार, पिथौरागढ़ समेत कई शहरों में तैयार खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि 38वें National Games के दौरान तैयार हुए खेल ढांचे के रखरखाव के लिए अलग से विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। वहीं 39वें National Games 2027 को देखते हुए अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों के लिए विशेष Training Camp शुरू किए जाएं। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जाए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक राष्ट्रीय खेलों के 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। One Block One Mini Stadium योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम तैयार हो चुके हैं, जबकि 10 पर निर्माण जारी है। बाकी परियोजनाओं के लिए जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि लोहाघाट में देश के पहले महिला आवासीय Sports College का निर्माण तेजी से चल रहा है। वहीं गोलापार स्थित State Sports University में शूटिंग रेंज, आठ लेन एथलेटिक ट्रैक, पुस्तकालय, स्वास्थ्य केंद्र, खेल मैदान समेत 39 आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, उप निदेशक नीरज गुप्ता, सहायक निदेशक राजेश ममंगाई समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button