विधानसभा चुनाव 2027 : केंद्रीय मंत्री ने नेताओं के साथ बनाई रणनीति, बोले- ‘अबकी बार 60 पार’ का लक्ष्य
मदन कौशिक ने भाजपा कार्यालय में की बैठक, कहा- किसी भी उम्मीदवार का चयन उसकी व्यक्तिगत दावेदारी से नहीं होगा, संगठन की मजबूती को ध्यान में रखकर लिया जाएगा निर्णय

योगेंद्र मलिक
हल्द्वानी, 3 नवंबर 2026:
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को हल्द्वानी स्थित भाजपा कार्यालय में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं व संभावित दावेदारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान स्थानीय स्तर पर पार्टी की स्थिति और संभावित प्रत्याशियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
पार्टी योजनाओं को लेकर पहुंच रही जनता के बीच
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में ‘अबकी बार 60 पार’ के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर पार्टी लगातार जनता के बीच पहुंच रही है। सरकार की विकास योजनाओं व जनहित से जुड़े कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। मदन कौशिक ने प्रत्याशियों के चयन को लेकर कहा कि पार्टी किसी भी उम्मीदवार का चयन उसकी व्यक्तिगत दावेदारी के बजाय संगठन की मजबूती और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर करेगी।
चुनाव में पार्टी की जीत को दी जाएगी प्राथमिकता
उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में संगठनात्मक हित और पार्टी की जीत को प्राथमिकता दी जाएगी। राजनीतिक दृष्टि से हल्द्वानी में हुई इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के जरिए भाजपा ने हल्द्वानी, कालाढूंगी और लालकुआं सीटों पर संगठनात्मक गतिविधियों व संभावित दावेदारों के आकलन पर चर्चा की।






