ElectionsLucknow City

‘मंदिरों से परहेज, मस्जिद-मजार से प्रेम’, अखिलेश पर राजभर का तीखा वार, बोले- हिंदू समाज धिक्कारने लगेगा

यूपी चुनाव 2027 से पहले सुभासपा प्रमुख ने सपा अध्यक्ष पर साधा निशाना, राम मंदिर से लेकर कृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ धाम तक का जिक्र कर लगाया तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप

लखनऊ, 3 नवंबर 2026:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने फिर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने अखिलेश की धार्मिक स्थलों पर जाने को लेकर सवाल उठाते हुए उन पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उनका यह हमला ऐसे समय आया है जब अखिलेश यादव वाराणसी पहुंच रहे हैं।

मंत्री राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव को ‘मित्र’ कहकर संबोधित किया लेकिन इसके बाद उन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘मित्र अखिलेश यादव जी! आज आप हमारे जिला बनारस पधार रहे हैं, मगर अफसोस कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाने की भी आपकी हिम्मत नहीं हो रही।’

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश के अयोध्या और मथुरा दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश अयोध्या जाने के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पास से मुंह घुमाकर निकल गए और मथुरा पहुंचने पर भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर की तरफ देखने से कतराते हैं।

ये भी पढ़ें:

राजभर ने काशी के यदुवंशी समाज का हवाला देते हुए कहा कि सावन में यहां का यादव समाज सबसे पहले बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करता है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले साल अखिलेश को काशी विश्वनाथ धाम आने का निमंत्रण दिया गया था लेकिन वह नहीं पहुंचे।
अपने बयान में राजभर ने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मन केवल मस्जिद, मजार, ईदगाह, दरगाह और कब्रिस्तान में लगता है।

उन्होंने सपा प्रमुख को तुष्टिकरण की राजनीति से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि ऐसी राजनीति न करें कि हिंदू समाज उन्हें धिक्कारने लगे। गौरतलब है कि राजभर इससे पहले भी कई राजनीतिक मुद्दों पर अखिलेश यादव को घेरते रहे हैं। विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद उन्होंने कांग्रेस और सपा के गठबंधन की राजनीति पर भी सवाल उठाए थे। विधानसभा चुनाव से पहले राजभर का यह हमला सपा पर सियासी दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें  LPG संकट : सपा नेता सोनू कनौजिया के रिसॉर्ट से 88 सिलेंडर बरामद...पत्नी के नाम गैस एजेंसी

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link