बाराबंकी न्यूज : 42 लाख के मुआवजे ने बना दिया बहन का दुश्मन, भाई-भाभी ने ईंट से कूचकर ली जान
Mahadeva Murder Case : महादेवा कॉरिडोर में जमीन जाने पर मिला था मुआवजा, बहन को रकम देने से बचना चाहता था भाई, पुलिस ने भाई-भाभी को किया गिरफ्तार, दोनों पर पहले से दर्ज हैं कई केस

बाराबंकी, 3 नवंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी में 42 लाख रुपये के मुआवजे में हिस्सेदारी न करनी पड़े इसलिए भाई ने अपनी ही बहन की हत्या कर दी। रामनगर कोतवाली क्षेत्र के महादेवा में मंजू गौतम (42) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके भाई संदीप कुमार व उसकी पत्नी शीतल उर्फ मायावती के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों ने मिलकर ईंट से सिर और चेहरे पर कई वार कर मंजू की जान ले ली थी। घटना के समय मंजू किचन में खाना बना रही थी।
मुआवजे की रकम बनी हत्या की वजह
रामनगर के महादेवा में रहने वाले सेमई की मौत हो चुकी है। घर मे बेटा संदीप उसकी पत्नी शीतल उर्फ मायावती और अविवाहित बहन 42 साल की मंजू रहते थे। एक अन्य बहन वंदना की शादी हो चुकी है। वंदना बिंदौरा में पति आकाश के साथ रह रही हैं। इधर सेमई का मकान महादेवा कॉरिडोर के निर्माण क्षेत्र में चला गया था। इसके बदले उसे करीब 42 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। संदीप इस रकम में अपनी बहन मंजू को हिस्सा नहीं देना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश थी। इसी विवाद में संदीप ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर मंजू की हत्या की योजना बनाई थी।

किचन में खाना बनाते समय किया हमला
मंजू घर की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान संदीप और शीतल ने वहां रखी ईंट से उसके सिर और मुंह पर कई बार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मंजू की मौत हो गई। इसके बाद उसका शव घर के कमरे में पड़ा मिला। रविवार को बहन वंदना से घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
बहन की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
मंजू की बहन वंदना ने 1 नवंबर को रामनगर थाने में संदीप और उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया था। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसपी के निर्देश पर स्वाट, सर्विलांस सेल और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल डेटा की मदद से जांच की। मंगलवार यानी आज 3 नवंबर को दोनों आरोपियों को गजपतिपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
स्वाट/सर्विलांस व थाना रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मंजू हत्याकांड का सफल अनावरण कर 02 हत्याभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल की बरामदगी के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री विवेक तिवारी की बाइट-
#barabankipolice #UPPolice https://t.co/grh017xFDg— Barabanki Police (@Barabankipolice) November 3, 2026
दोनों के खिलाफ पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, संदीप के खिलाफ मारपीट, धमकी, जबरन वसूली सहित अन्य आरोपों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। शीतल के खिलाफ भी दो पुराने मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। दोनों को मंजू हत्याकांड में गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






