Lucknow City

68,500 शिक्षक भर्ती : आंदोलित अभ्यर्थियों ने घेरा मंत्री आशीष पटेल का आवास, दीपावली तक अल्टीमेटम

आरक्षण विसंगति के मुद्दे पर दो महीने से ईको गार्डन में धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने मांगा नियुक्ति का शेड्यूल, बोले- न्याय नहीं मिला तो मंत्रियों के घर मनाएंगे दीपावली

लखनऊ, 3 नवंबर 2026:

यूपी की 68,500 शिक्षक भर्ती 2018 में आरक्षण विसंगति का मुद्दा सुलझ नहीं रहा है। दो महीने से लखनऊ के ईको गार्डन में धरना और प्रदर्शन दे रहे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंगलवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल के सरकारी आवास का घेराव कर सरकार पर दबाव बढ़ा दिया। अभ्यर्थियों ने दो टूक कहा कि उन्हें अब आश्वासन नहीं नियुक्ति प्रक्रिया का शेड्यूल चाहिए। उनकी मांग है कि दीपावली से पहले भर्ती प्रक्रिया की समय-सारिणी जारी कर आंदोलन समाप्त कराया जाए।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि 10 सितंबर को संबंधित विभागीय स्तर पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, माध्यमिक शिक्षा मंत्री और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वीकार किया था कि ओबीसी समेत वंचित वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ आरक्षण लागू करने में विसंगति हुई है। अभ्यर्थियों के मुताबिक बैठक में यह भी कहा गया था कि मामले का अंतिम समाधान मुख्यमंत्री स्तर से ही संभव है।

इसी भरोसे पर वे लगातार आंदोलन कर रहे हैं लेकिन अब तक नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस समय-सारिणी जारी नहीं हुई है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष वर्मा और तूफान सिंह ने चेतावनी दी कि यदि दीपावली से पहले नियुक्ति शेड्यूल जारी नहीं हुआ तो त्योहार भी ईको गार्डन में धरना देते हुए मनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

68,500 शिक्षक भर्ती आंदोलित अभ्यर्थियों ने घेरा मंत्री आशीष पटेल का आवास, दीपावली तक अल्टीमेटम.

Advertisement

आशीष पटेल ने दिया अगले हफ्ते तक कार्रवाई का भरोसा

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि यदि जल्द भर्ती प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर अभ्यर्थियों को घर नहीं भेजा गया तो वे दीपावली माननीयों के घरों पर ही मनाने को मजबूर होंगे। इस बीच मंत्री आशीष पटेल ने अपने आवास से बाहर आकर प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने अभ्यर्थियों से दीपावली तक समय देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि आने वाले सप्ताह में कुछ ठोस होता दिखाई देगा।

उन्होंने कहा, ‘मैं झूठा आश्वासन नहीं देता, मैं आपका सच्चा वकील हूं। आपको न्याय होते दिखाई देगा।’ मंत्री के इस आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों की निगाहें अब सरकार के अगले कदम पर टिक गई हैं। घेराव में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पिछड़ा वर्ग के सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।

ये भी पढ़ें  ‘जबरा मारे, रोवे न दे’… स्कूलों की बदहाली पर संजय सिंह का योगी सरकार पर हमला, दिया ये अल्टीमेटम

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link