Lucknow City

1090 चौराहे पर फ्लाईओवर, हनुमान सेतु के पास बनेगी बहुमंजिला लाइब्रेरी, लखनऊ के विकास को मिलेगी उड़ान

1600 करोड़ से ज्यादा की 5 मेगा परियोजनाओं पर तेज होगी रफ्तार, एलडीए ने अर्बन चैलेंज फंड से मांगी 25% वित्तीय सहायता, वरुण विहार, 2.3 किमी फ्लाईओवर, मल्टीलेवल पार्किंग, आधुनिक लाइब्रेरी और कैलाशकुंज री-डेवलपमेंट को मिलेगा बड़ा बूस्ट

लखनऊ, 3 जुलाई 2026:

यूपी राजधानी लखनऊ को आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शहर की पांच महत्वाकांक्षी शहरी परियोजनाओं को गति देने के लिए केंद्र सरकार के अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) से वित्तीय सहायता का दावा पेश किया है। एलडीए उपाध्यक्ष ने दिल्ली से आई यूसीएफ टीम के साथ बैठक कर इन परियोजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया। इनके लिए 25 प्रतिशत पूंजीगत सहायता का अनुरोध किया।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2030-31 तक संचालित अर्बन चैलेंज फंड योजना के तहत शहरी विकास परियोजनाओं के लिए 25 प्रतिशत तक पूंजीगत सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसी योजना के तहत लखनऊ की पांच प्रमुख परियोजनाओं के लिए आवेदन किया गया है।

बैठक में सबसे पहले वरुण विहार आवासीय योजना का प्रस्तुतीकरण किया गया। आगरा एक्सप्रेस-वे के किनारे 6,580 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना से लाखों परिवारों के घर का सपना साकार होगा। पहले चरण में लगभग 1,000 करोड़ रुपये से विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इसके लिए यूसीएफ से 25 प्रतिशत वित्तीय सहायता मांगी गई है।
lucknow-1090-crossing-flyover-hanuman-setu-library-lda-mega-projects (2)

इसके अलावा 1090 चौराहे से बैकुण्ठ धाम होते हुए लामार्टीनियर ग्राउंड तक 2.3 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी रखा गया। करीब 330 करोड़ रुपये की इस परियोजना से लगभग 10 लाख शहरी आबादी को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में 30 करोड़ रुपये की लागत वाली पत्रकारपुरम मल्टीलेवल पार्किंग, हनुमान सेतु के पास 2,592 वर्गमीटर क्षेत्र में 58.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली अत्याधुनिक बहुमंजिला लाइब्रेरी तथा 195 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स री-डेवलपमेंट परियोजना के लिए भी यूसीएफ से वित्तीय सहयोग का अनुरोध किया गया।

एलडीए का मानना है कि यूसीएफ से वित्तीय सहायता मिलने पर ये सभी परियोजनाएं तेजी से धरातल पर उतरेंगी और लखनऊ के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी। पारिजात सभागार में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त गौरव कुमार, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, वित्त नियंत्रक अनिल कुमार, यूसीएफ के सदस्य मृत्युंजय जायसवाल, दीपू टॉम, नीरजा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button