
विजय पटेल
रायबरेली, 3 जुलाई 2026:
रायबरेली स्थित सदर तहसील के गेट के सामने कूड़े के ढेर से बड़ी संख्या में Aadhaar Card, Finance से जुड़े दस्तावेज समेत कई जरूरी कागजात मिलने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इनमें ज्यादातर आधार कार्ड राही ब्लॉक क्षेत्र के लोगों के हैं। घटना सामने आते ही सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
सदर तहसील के गेट के सामने ही फेंके गए इन अहम दस्तावेजों को देखकर स्थानीय लोग नाराज हैं। उनका कहना है कि जिन लोगों तक ये आधार कार्ड पहुंचने थे, उन्हें कभी मिले ही नहीं। उनका आरोप है कि डाक वितरण में लापरवाही की वजह से इतने अहम दस्तावेज कूड़े में पहुंच गए। लोगों ने दस्तावेजों के गलत इस्तेमाल की आशंका भी जताई है।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने बताया कि पूरे प्रकरण में भारतीय डाक विभाग कार्रवाई कर रहा है। विभाग ने संबंधित कर्मचारियों से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर Aadhaar Card और दूसरे जरूरी दस्तावेज कूड़े में कैसे पहुंचे। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






