Uttarakhand

SIR संग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विभागीय काम भी करें, मंत्री बोलीं- अगस्त तक भर जाएंगे सभी पद

रेखा आर्या ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 438 और सहायिकाओं के 2773 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, बच्चों के आधार कार्ड व अपार आईडी बनने की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 3 जुलाई 2026ः

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने एसआईआर काम में व्यस्तता का हवाला देकर विभागीय कार्य प्रभावित किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने नियमित विभागीय कार्यों को प्राथमिकता दें और प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने केंद्र पर कार्य करें। वहीं, मंत्री ने अगस्त के अंत तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के सभी रिक्त पदों को भरने के निर्देश दिए।

मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभाग की अधिकांश योजनाएं केंद्र सरकार द्वारा वित्तपोषित हैं, जिनकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाती है। ऐसे में डाटा फीडिंग और रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अन्यथा आगामी बजट आवंटन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बीएलओ के रूप में दायित्व निभाने के साथ-साथ प्रतिदिन न्यूनतम एक घंटे विभागीय कार्य अवश्य करें। इस संबंध में विभागीय सचिव को सभी डीएम को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 438 और सहायिकाओं के 2773 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसे अगस्त के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रदेश में सभी पद शत-प्रतिशत भर दिए जाएंगे। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनने की धीमी प्रगति पर भी असंतोष जताया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े जिला प्रोबेशन अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जुलाई के अंत तक सभी बच्चों के आधार व अपार आईडी बनाना सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button