देहरादून, 8 जून 2026ः
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से मतदाताओं को गणना फार्म बांटने की शुरुआत हो गई। प्रदेश के सभी 11733 बीएलओ सात जुलाई तक गणना फार्म भरवाएंगे। सोमवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) व सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी फार्म भरा।
उत्तराखंड में एसआईआर के तहत गणना फार्म भरे जाने के पहले दिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम सचिवालय पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फार्म सौंपा। वहीं लोक भवन नैनीताल में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) को आज गणना फॉर्म सौंपा गया। इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी आदि अफसर मौजूद रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण हेतु यह अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। आगामी 7 जुलाई तक एक माह के समय में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को बीएलओ एप्प के माध्यम से डिजिटिलाइज किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे ‘बुक ए कॉल विद BLO’ के फीचर से एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट कर या ECI-Net मोबाइल एप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं।
कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ द्वारा मतदाता से स्वयं संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा बीएलओ के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में बीएलओ तीन बार घर पर विजिट करेंगे और घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की डेट और मोबाइल नंबर लिखेंगे। मतदाताओं द्वारा बीएलओ से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भरा जा सकता है। मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट एप से अपना गणना फार्म ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद इसे भरकर अपलोड कर सकते हैं।






