MDDA की नई पहल: अब महीने में दो बार लगेगा समाधान दिवस, जानिए कब-कब होगा आयोजन
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने जनसरोकारों को मजबूत करने के लिए उठाया कदम, देहरादून में प्राधिकरण मुख्यालय में होगा आयोजन, लोग सीधे अफसरों के सामने रख सकेंगे शिकायतें

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 2 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड में सुशासन और जनसरोकारों को मजबूत करने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने एक अहम पहल की है। एमडीडीए ने लोगों की शिकायतों के पारदर्शी और प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक महीने के पहले व अंतिम सोमवार को समाधान दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह सुबह 10:30 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित होगा। यह आयोजन देहरादून में प्राधिकरण मुख्यालय में होगा, जहां लोग सीधे अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि समाधान दिवस लोगों को अपनी शिकायतें सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगा। इससे शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि समाधान दिवस प्रत्येक माह के पहले व अंतिम सोमवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर दो बजे तक प्राधिकरण मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्राप्त सभी शिकायतों व सुझावों का परीक्षण कर संबंधित विभागों के माध्यम से उनका त्वरित और प्रभावी निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा।






