
योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 2 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में हाईवे फ्लाईओवर स्थित गोल्डन ढाबा के पास एक कांवड़िए की कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने पर बवाल हो गया। इससे गुस्साए लोगों ने कार चालक के साथ मारपीट की। साथ ही कार भी तोड़ दी। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात हाईवे फ्लाईओवर स्थित गोल्डन ढाबा के पास कुछ कांवड़ियों की एक अन्य कांवड़िए के साथ मारपीट करने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि कार चालक हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली की ओर जा रहा था। कार चालक भी कांवड़ यात्रा पर निकला श्रद्धालु था। फ्लाईओवर स्थित गोल्डन ढाबा के पास कार की टक्कर एक कांवड़िए की कांवड़ से हो गई, जिससे उसकी कांवड़ खंडित हो गई। इसके बाद कुछ अज्ञात लोगों ने आक्रोशित होकर कार चालक के साथ मारपीट कर उसकी कार तोड़ दी।

पुलिस ने पीड़ित चालक की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस ने सभी शिवभक्तों से कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, अनुशासन और कानून का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून हाथ में लेने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।






